More
    Homeराजस्थानअलवरटी-20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले अजमेर दरगाह में भारत की जीत...

    टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले अजमेर दरगाह में भारत की जीत के लिए चढ़ाई गई चादर

    अजमेर|टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रोमांचक मैच होने वाला है। क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ आम जनता भी भारतीय टीम की जीत के लिए दुआ कर रही है। इसी कड़ी में अजमेर स्थित विश्व प्रसिद्ध सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती (गरीब नवाज) की दरगाह में भी टीम इंडिया की कामयाबी के लिए विशेष दुआ की गई।

    भारतीय टीम की जीत की दुआ

    दरगाह शरीफ में जायरीन और अकीदतमंदों ने मखमली चादर और अकीदत के फूल पेश कर मुल्क की सलामती, अमन-चैन और भारतीय टीम की जीत की दुआ मांगी। दरगाह में पहुंचे लोगों ने कहा कि पूरे देश की निगाहें आज इस बड़े मुकाबले पर टिकी हुई हैं और सभी को उम्मीद है कि भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड कप अपने नाम करेगी।

    खादिमों ने क्या कहा?

    खादिम जहूर बाबा चिश्ती ने कहा कि ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह हमेशा से पूरी दुनिया में अमन, मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देती रही है। उन्होंने बताया कि आज पूरे देश के साथ दरगाह शरीफ में भी टीम इंडिया की जीत के लिए दुआ की गई है। उन्हें विश्वास है कि भारतीय टीम बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश को जीत की खुशी देगी।

    वहीं खादिम सैयद कुतुबुद्दीन सखी ने कहा कि ख्वाजा गरीब नवाज की चौखट पर आने वाला हर इंसान अपनी मुराद लेकर आता है और यहां से दुआएं खाली नहीं जातीं। उन्होंने कहा कि आज खास तौर पर देश की तरक्की, खुशहाली और टीम इंडिया की कामयाबी के लिए दुआ की गई। उन्होंने बताया कि क्रिकेट केवल एक खेल नहीं बल्कि पूरे देश को जोड़ने वाला जज्बा है और आज हर धर्म और हर वर्ग के लोग भारतीय टीम की जीत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

    अहमदाबाद में होना है फाइनल मैच

    गौरतलब है कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस फाइनल मुकाबले को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह है। क्रिकेट प्रेमी भारतीय टीम की जीत के लिए मंदिरों, मस्जिदों और दरगाहों में प्रार्थनाएं कर रहे हैं और सभी को उम्मीद है कि टीम इंडिया ट्रॉफी जीतकर देश का नाम रोशन करेगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here