More
    Homeधर्म-समाजद्वापर युग से जुड़ा अमेठी का चमत्कारी मंदिर, जहां प्रसाद में चढ़ता...

    द्वापर युग से जुड़ा अमेठी का चमत्कारी मंदिर, जहां प्रसाद में चढ़ता है बांस, कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ते हैं लाखों भक्त

    मंदिरों में आमतौर पर भक्त भगवान को मिठाई, फूल और फल चढ़ाते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक ऐसा मंदिर है, जहां भक्त प्रसाद के रूप में बांस चढ़ाते हैं. यहां अपनी मनोकामना पूरी होने पर लोग बांस का निशान लेकर बाबा के दरबार में पहुंचते हैं. यह मंदिर अपनी इसी खास मान्यता के लिए जाना जाता है. हम बात कर रहे हैं अमेठी के नंद महर धाम की, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए आते हैं.

    मान्यता है कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण और नंद बाबा ने यहां समय बिताया था. भक्तों का विश्वास है कि जो भी सच्चे मन से नंद बाबा के दरबार में अपनी मुराद लेकर आता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है. कार्तिक पूर्णिमा से चार दिनों तक यहां बड़ा मेला लगता है. इस दौरान यदुवंशियों के साथ प्रदेश के कई जिलों से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं.
    गौरीगंज से 15 किलोमीटर दूर है नंद महर धाम
    नंद महर धाम अमेठी के गौरीगंज जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित है. यह प्राचीन धार्मिक स्थल भगवान श्रीकृष्ण और नंद बाबा के जीवन से जुड़ा माना जाता है. यहां हर सोमवार और शनिवार को भक्त दर्शन के लिए आते हैं. इसके अलावा कार्तिक पूर्णिमा पर मंदिर परिसर में बड़े मेले का आयोजन होता है. मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी तस्वीरें भी लगाई गई हैं. परिसर में एक यज्ञशाला बनी हुई है. मान्यता है कि पूजा-पाठ के बाद नंद बाबा इसी यज्ञशाला में अपने अनुयायियों के साथ हवन-पूजन करते थे.

    भगवान कृष्ण और नंद बाबा के मिलन की है मान्यता
    मंदिर से जुड़ी मान्यता के अनुसार, यहां भगवान श्रीकृष्ण और राजा पांडव के बीच युद्ध हुआ था. इसके बाद कृष्ण को खोजते हुए नंद बाबा यहां पहुंचे थे. इसी स्थान पर दोनों का मिलन हुआ था. मान्यता यह भी है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने मंदिर परिसर में गोपियों के साथ रासलीला रचाई थी. इसी मान्यता के चलते हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर यहां बड़ा मेला लगता है और दूर-दूर से भक्त पहुंचते हैं.
    संतान प्राप्ति की मनोकामना हुई पूरी
    बनारस से दर्शन-पूजन के लिए आईं किरण यादव बताती हैं कि उनके परिवार की नंद बाबा के मंदिर में काफी पुरानी मान्यता है. उनकी दादी, नानी, मां और पिता भी यहां दर्शन करने आते थे. शादी के बाद उन्हें संतान नहीं हो रही थी. ऐसे में उन्होंने सच्चे मन से बाबा से मन्नत मांगी. किरण के मुताबिक, बाबा की कृपा से उनकी मनोकामना पूरी हुई और अब वह फिर दर्शन करने आई हैं. वह हर बार यहां दर्शन के लिए आती हैं. उन्होंने मंदिर को अच्छा बताते हुए योगी सरकार से इसे और बेहतर बनाने की अपील की, ताकि धार्मिक स्थल के रूप में इसका विकास हो सके और पर्यटक भी यहां पहुंचें.
    बेटे की नौकरी लगी, भक्त ने चढ़ाया बांस का निशान
    जौनपुर से आईं शांति देवी बताती हैं कि उन्होंने नंद बाबा से कई मनोकामनाएं मांगी थीं, जो पूरी हो गईं. उनके बेटे की नौकरी लग गई और परिवार को जो चाहिए था, वह मिल गया. मंदिर में प्रसाद के रूप में बांस चढ़ाने की मान्यता के बारे में उन्होंने बताया कि जिस भक्त की मनोकामना पूरी होती है, वह बांस का निशान बनवाकर बाबा को समर्पित करता है. यहां बांस के साथ घंटी, कढ़ाई, बर्तन और दूसरी चीजें भी चढ़ाई जाती हैं. भक्त मंदिर में दूध भी चढ़ाते हैं.

    द्वापर युग से जुड़ा है मंदिर
    मंदिर के पुजारी भारत गिरी बताते हैं कि यह मंदिर भगवान श्रीकृष्ण और द्वापर युग से जुड़ा हुआ है. नंद बाबा और भगवान कृष्ण भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं. उनके मुताबिक, जो भी भक्त यहां आता है, वह खुश होकर जाता है. बाबा अपने भक्तों की समस्याएं दूर करते हैं. यह बहुत प्राचीन और धार्मिक महत्व वाला स्थान है.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here