राजसमंद। जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने राजसमंद की सियासत में कांग्रेस को निर्णायक बढ़त दिलाई है। कुल 29 वार्डों में से कांग्रेस ने 17 सीटों पर कब्जा जमाकर साफ बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा 12 वार्डों पर ही सिमट गई। बहुमत के लिए तय 15 सीटों के आंकड़े से कांग्रेस ने दो सीटें अधिक जीतीं। सभी 29 वार्डों के नतीजे सामने आने के साथ ही जिला परिषद का पूरा सियासी चित्र स्पष्ट हो गया है।
चुनाव नतीजों को देखें तो कई वार्डों में बेहद कड़ा संघर्ष देखने को मिला। कई जगह उम्मीदवारों ने हजारों वोटों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की, तो कुछ सीटों पर हार-जीत का फैसला चंद वोटों से तय हुआ। वार्ड संख्या 26 में भाजपा की लाडू देवी ने कांग्रेस की गीता को सिर्फ 60 मतों से हराया, जबकि वार्ड 27 में कांग्रेस की नैनू देवी ने भाजपा की कंचन देवी को 163 वोटों से शिकस्त दी।
आमेट में सास-बहू की जीत का कमाल
राजसमंद की आमेट पंचायत समिति में कांग्रेस की सास-बहू की जोड़ी ने जीत हासिल कर सबका ध्यान खींचा। सास गणेश कंवर ने सामान्य वार्ड संख्या 9 से 1,524 वोट पाकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी ज्योति को 221 मतों से मात दी, जिनकी उम्र 38 वर्ष है और उन्हें 1,303 वोट मिले। वहीं 27 वर्षीय बहू चंद्रिका कंवर सामान्य वार्ड संख्या 1 से 1,358 मत लेकर विजयी रहीं और उन्होंने 44 वर्षीय महेंद्र सिंह को 189 वोटों के अंतर से हराया, जिन्हें 1,169 मत हासिल हुए। दोनों प्रत्याशियों ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए जीत दर्ज की।
बड़े अंतर से जीत और महिला प्रत्याशियों का प्रदर्शन
जिला परिषद की 29 सीटों में कांग्रेस की 17 और भाजपा की 12 सीटों के बीच पांच सीटों का अंतर रहा। बड़े अंतर की जीत में वार्ड 29 से कांग्रेस के उदय सिंह ने भाजपा के कालू सिंह को 4,835 मतों से हराया, वार्ड 23 से हविया कंवर ने 2,114 वोटों से और वार्ड 25 से मीरा देवी ने 2,301 वोटों से जीत हासिल की। भाजपा की ओर से वार्ड 17 में कर्णवीर सिंह ने 4,653 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की, जो पार्टी के लिए सबसे बड़ा जीत अंतर रहा।
कांग्रेस की कामयाबी में महिला उम्मीदवारों की भूमिका भी खास रही, जिनमें उषा मीणा, निहारिका राव, मोहिनी बैरवा, काली देवी, महालक्ष्मी, निरमा तेली, हविया कंवर, मीरा देवी और नैनू देवी के नाम शामिल हैं। वहीं भाजपा से घीसी देवी, लाडू देवी और निर्मला कंवर ने जीत दर्ज की। पांच वार्डों में जीत का अंतर 200 मतों से कम रहा, जिनमें वार्ड 26 में लाडू देवी 60 मतों से, वार्ड 27 में नैनू देवी 163 मतों से, वार्ड 14 में भाजपा के नरहरिदेव 179 मतों से, वार्ड 22 में भाजपा की घीसी देवी 197 मतों से और वार्ड 20 में भाजपा के विक्रम सिंह 199 मतों से विजयी रहे। इन पांच करीबी सीटों में चार भाजपा और एक कांग्रेस के हिस्से आईं।
पंचायत समितियों के आंकड़े और सियासी चर्चा
जिले की पंचायत समितियों के परिणामों में कांग्रेस ने ज्यादातर जगह बढ़त बनाई, जबकि भाजपा कुछ ही क्षेत्रों में आगे रह पाई। राजसमंद के 25 वार्डों में भाजपा को 12, कांग्रेस को 11 और निर्दलीयों को 2 सीटें मिलीं। खमनोर के 19 वार्डों में कांग्रेस ने 14, भाजपा ने 4 और निर्दलीय ने 1 सीट जीती। कुंभलगढ़ के 15 वार्डों में कांग्रेस को 10, भाजपा को 3 तथा बीएपी और निर्दलीय को 1-1 सीट मिली। देवगढ़ के 15 वार्डों में कांग्रेस ने 10 और भाजपा ने 5 सीटें जीतीं। भीम के 19 वार्डों में कांग्रेस को 12 और भाजपा को 7 सीटें मिलीं। चारभुजा के 15 वार्डों में भाजपा ने 8 और कांग्रेस ने 7 सीटें जीतीं। रेलमगरा के 15 वार्डों में कांग्रेस को 8, भाजपा को 6 और आरएलपी को 1 सीट मिली। आमेट के 17 वार्डों में कांग्रेस को 10 और भाजपा को 7 सीटें मिलीं, जबकि 21 वार्डों वाली क्षेत्र में कांग्रेस ने 14 और भाजपा ने 7 सीटें अपने नाम कीं।
चुनाव में पूरी ताकत लगाने के बावजूद अपेक्षित सफलता न मिलने पर राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ और भीम विधायक हरिसिंह रावत के प्रभाव व भूमिका को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज है। इन इलाकों के नतीजों को संबंधित विधायकों के लिए राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही राजसमंद क्षेत्र में कुमावत समाज की नाराजगी, स्थानीय समीकरणों और चुनावी रणनीतियों को भी परिणामों के संभावित कारणों में गिना जा रहा है, वहीं कांग्रेस खेमे में बढ़त से कार्यकर्ताओं में उत्साह है।


