जयपुर। पंचायत चुनाव के नतीजों ने राज्य के बड़े नेताओं की जमीनी पकड़ और सियासी असर को साफ तौर पर सामने रख दिया है। कहीं नेताओं के परिवार के सदस्यों ने जीत हासिल कर विरासत को संभाला, तो कहीं करीबी और घर के उम्मीदवारों को हार देखनी पड़ी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत के साथ-साथ भाजपा व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्षों तथा नेता प्रतिपक्ष के इलाकों के आंकड़ों ने सियासी तस्वीर बदल दी है, जो आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बड़े नेताओं के लिए अहम संकेत मानी जा रही है।
भरतपुर और सुमेरपुर-पाली के आंकड़े
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर की जिला परिषद में कांग्रेस ने 21 सीटों के साथ बहुमत अपने नाम किया है, जबकि भाजपा को 9 और आरएलपी को 1 सीट मिली है। जिले की 7 पंचायत समितियों की 159 सीटों में से कांग्रेस ने 46, भाजपा ने 32, निर्दलीयों ने 76 और अन्य ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के गृह क्षेत्र सुमेरपुर पंचायत समिति के 21 वार्डों में से 14 पर कांग्रेस ने बाजी मारी, भाजपा को 4 और निर्दलीयों को 3 वार्ड मिले। वहीं पाली पंचायत समिति के 17 वार्डों में कांग्रेस ने 12 और भाजपा ने 4 वार्ड जीते।
झालावाड़, चूरू और जयपुर के नतीजे
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के क्षेत्र झालावाड़ जिला परिषद की 33 सीटों में से भाजपा को 17 और कांग्रेस को 16 सीटें मिलीं। झालरापाटन पंचायत समिति में भाजपा का बहुमत बरकरार रहा, जबकि पिड़ावा पंचायत समिति में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया।
राजेंद्र राठौड़ के परिवार से बेटे पराक्रम सिंह ने 7,810 वोटों से और पुत्रवधू कनिका सिंह ने 2,384 वोटों से जीत दर्ज की, मगर जिला परिषद में कांग्रेस बहुमत में रही। मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के क्षेत्र में झोटवाड़ा पंचायत समिति के 15 वार्डों में से भाजपा केवल 1 पर जीत सकी और कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत पाया। जोबनेर पंचायत समिति में भी कांग्रेस का पूर्ण बहुमत रहा।
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार में पत्नी शांति देवी, दोनों बेटों और भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा को हार झेलनी पड़ी। छोटे बेटे अजय भाजपा टिकट से और दुर्गा सिंह निर्दलीय मैदान में थे; वार्ड 19 से दुर्गा सिंह मात्र 3 मतों के अंतर से पीछे रह गए।
जोधपुर, सीकर, अलवर और टोंक का हाल
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जिले जोधपुर में कांग्रेस ने मजबूत प्रदर्शन किया। जिला परिषद के 43 वार्डों में से 32 पर कांग्रेस जीती और 23 पंचायत समितियों के 351 वार्डों में से 196 सीटें कांग्रेस के खाते में गईं।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों—लक्ष्मणगढ़, बलारां और नेछवा—के कुल 45 वार्डों में से कांग्रेस ने 28 पर जीत दर्ज कर बहुमत पाया। भाजपा को 14 और निर्दलीयों को 3 सीटें मिलीं।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के सक्रिय रहने के बावजूद उमरैण के 25 वार्डों में कांग्रेस को 9 और निर्दलीयों को भी 9 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा दूसरे नंबर पर रही। मालाखेड़ा में भाजपा ने कांग्रेस से 1 सीट अधिक हासिल की।
पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के क्षेत्र टोंक जिला परिषद की 31 में से 25 सीटों पर कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला। वहीं जिले की 8 पंचायत समितियों की 160 सीटों में से कांग्रेस ने 94 पर जीत दर्ज की और 7 समितियों में बहुमत हासिल किया, जिस पर पायलट ने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।


