वाशिंगटन। अंतरिक्ष में खगोलविदों ने एक बेहद दुर्लभ खगोलीय नजारा दर्ज किया है। हमारी पड़ोसी एंड्रोमेडा आकाशगंगा के बाहरी इलाके में, पृथ्वी से करीब 25 लाख प्रकाश वर्ष की दूरी पर एक विशाल तारे द्वारा अपने साथी तारे को सीधे निगल जाने की घटना सामने आई है। एक शोध के मुताबिक, इस लाल सुपरजायंट तारे को 'बाओ' नाम दिया गया है, जबकि इसका आधिकारिक नाम एटी 2025 अबाओ है। सूर्य के मुकाबले सात गुना अधिक द्रव्यमान, 350 गुना चौड़ाई और 18 हजार गुना अधिक चमक वाले इस तारे ने महज सात वर्षों में अपने साथी को समाहित कर लिया। सूर्य के लगभग 70 प्रतिशत द्रव्यमान वाला एक छोटा तारा इसके भीतर समाकर सीधे इसके केंद्र से जा टकराया। विस्फोट के चरम पर पहुंचने के 47 दिन बाद नासा के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने इस घटना के आंकड़े जुटाए, जो किसी तारकीय विलय का अब तक का सबसे तेज फॉलोअप माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी घटनाओं का अनुमान दशकों से लगाया जा रहा था, लेकिन इसे प्रत्यक्ष रूप से घटित होते पहली बार देखा गया है। किसी तारे को अपने साथी को निगलते हुए देखना बेहद कठिन कार्य है, क्योंकि इसके संकेतों को पकड़ने के लिए लंबे समय तक आकाश की निगरानी करने वाले संवेदनशील टेलीस्कोपों की आवश्यकता होती है। इस तारे की असामान्य चमक पर शोधकर्ताओं का ध्यान सबसे पहले फरवरी 2023 में गया था, जब विभिन्न टेलीस्कोपों के आंकड़ों में इसकी रोशनी में अजीब बदलाव देखा गया।
बढ़ती चमक से लेकर भीषण विस्फोट तक
पुराने अभिलेखों की पड़ताल से यह सामने आया कि वर्ष 2018 से पहले इस तारे की चमक स्थिर बनी हुई थी, लेकिन उसके बाद इसकी रोशनी में क्रमिक बढ़ोतरी होने लगी। सितंबर 2024 में चमक में इजाफे के साथ-साथ यह तारा बड़ी मात्रा में धूल भी बाहर फेंक रहा था। अंततः 17 अक्टूबर 2025 को एक खगोलीय वेधशाला ने इस तारे में प्रचंड विस्फोट और तापमान में अचानक तेज उछाल रिकॉर्ड किया। जेम्स वेब टेलीस्कोप के मिड-इन्फ्रारेड आंकड़ों और कंप्यूटर सिमुलेशन की सहायता से शोधकर्ताओं ने इस पूरी प्रक्रिया की कड़ियों को जोड़ा। इस विस्फोट से पहले दोनों तारे हजारों वर्षों तक सहजता से एक-दूसरे की परिक्रमा कर रहे थे। विशाल मुख्य तारे को 'बिग बाओ' कहा गया, जिसका द्रव्यमान सूर्य से सात गुना, आकार 350 गुना और चमक 18 हजार गुना अधिक थी। वहीं, मॉडलिंग के जरिए छोटे साथी तारे यानी 'लिटिल बाओ' का पहला सटीक आकलन हो सका, जिसका द्रव्यमान सूर्य का लगभग 70 प्रतिशत था और चमक सूर्य से कम थी। शोधकर्ताओं के मुताबिक, जैसे-जैसे बिग बाओ का दायरा फैला, लिटिल बाओ उसकी बाहरी सतह के संपर्क में आ गया। जब कोई साथी तारा मुख्य तारे की बाहरी परत को छूता है, तो परिक्रमा के दौरान वह उसकी बाहरी गैस को छीलने लगता है। अंतरिक्ष में फैलती इस गैस के कारण तारे की चमक धीरे-धीरे बढ़ने लगती है, जिसे खगोल विज्ञान में 'कॉमन एनवेलप इवोल्यूशन' कहा जाता है।
महज सात चक्कर में समा गया छोटा तारा
गैस के घर्षण और खिंचाव के चलते छोटे तारे की कक्षीय ऊर्जा घटने लगी और वह भीतर की ओर धंसता चला गया। सामान्यतः दो छोटे तारों के विलय होने में हजारों चक्कर लगते हैं, परंतु इस मामले में संपर्क में आने के बाद केवल सात चक्करों यानी करीब सात वर्षों में ही यह प्रक्रिया पूरी हो गई। लिटिल बाओ सीधे बिग बाओ के केंद्र में जा पहुंचा और यह टक्कर एक सक्रिय तारे के भीतर विस्फोट होने जैसी प्रतीत हुई। इस धमाके से सूर्य के द्रव्यमान का 0.1 से 0.2 गुना हिस्सा अंतरिक्ष में छिटक गया। खगोलविदों के अनुसार, यह दृश्य बेहद चौंकाने वाला रहा और इस अवलोकन से उन्हें पहली बार कॉमन एनवेलप इवोल्यूशन की वास्तविक गति और प्रभाव को मापने का अवसर मिला है।


