नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश के बीच जल साझाकरण को लेकर अहम मानी जाने वाली गंगा जल संधि तीन दशक पूरे करने के बाद अब अपने भविष्य को लेकर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। एक ओर बांग्लादेश अपने हिस्से के जल प्रवाह को सुरक्षित रखने की मांग कर रहा है, वहीं भारत अपनी बढ़ती जनसंख्या, कृषि और घरेलू आवश्यकताओं के मद्देनजर नए प्रावधानों पर जोर दे रहा है। इस पूरे घटनाक्रम में पश्चिम बंगाल और बिहार की आपत्तियों ने भी स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है। अब सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि क्या दोनों देश आपसी समझ से इस समझौते को नया स्वरूप दे सकेंगे या फिर गंगा का जल एक बार फिर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक खींचतान का कारण बनेगा।
संधि की अवधि समाप्ति और ताजा बैठक
12 दिसंबर 1996 को अस्तित्व में आई इस संधि की 30 वर्षीय समयसीमा अब पूरी होने के करीब है। अवधि समाप्त होने से पहले इसके नवीनीकरण को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चर्चा इस बात को लेकर है कि क्या समझौते को पहले जैसी ही शर्तों पर आगे बढ़ाया जाएगा या जल वितरण के नियमों में संशोधन किया जाएगा। इसी कड़ी में 21 और 22 नवंबर को ढाका में दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच संयुक्त समिति की 91वीं नियमित बैठक आयोजित हुई, हालांकि इस बैठक में 1996 की संधि के नवीनीकरण पर कोई बातचीत हुई या नहीं, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है।
फरक्का बैराज से शुरू हुआ दशकों पुराना विवाद
गंगा के जल को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच मतभेद दशकों पुराने हैं, जिनकी जड़ें 1950 के दशक में तलाशी जा सकती हैं। उस दौर में भारत ने तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान (मौजूदा बांग्लादेश) की सीमा से लगभग 18 किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल में फरक्का बैराज के निर्माण की योजना आगे बढ़ाई थी। इसका मुख्य उद्देश्य कोलकाता बंदरगाह में जमा होने वाली गाद को साफ करना और हुगली नदी में पानी मोड़कर जल परिवहन को सुचारू बनाए रखना था।
लॉन्ग मार्च से 1996 के समझौते तक का सफर
साल 1961 में शुरू हुआ फरक्का बैराज 1975 में बनकर तैयार हुआ और पानी मोड़ने की प्रक्रिया शुरू होते ही तनाव बढ़ने लगा। बांग्लादेश को आशंका थी कि इससे उसके हिस्से में आने वाला पानी कम हो जाएगा। वर्ष 1976 में बांग्लादेशी नेता मौलाना भासानी ने भारत की जल नीति के विरोध में फरक्का लॉन्ग मार्च निकाला और बैराज हटाने की मांग की, क्योंकि उनका मानना था कि इससे पद्मा नदी का जलस्तर गिर रहा है और सूखे व मरुस्थलीकरण का संकट गहरा रहा है। इसके बाद 1977, 1982 और 1985 में अस्थायी समझौते किए गए, लेकिन कोई स्थायी हल नहीं निकल सका। अंततः दिसंबर 1996 में तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के बीच 30 साल के लिए संधि पर दस्तखत हुए तथा इसकी निगरानी के लिए एक संयुक्त समिति का गठन किया गया।


