किशनगंज। बुधवार तड़के इंदौर के बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां बिहार के किशनगंज जिले के 6 लोगों समेत कुल 8 लोगों की मौत आग लगने से हो गई। बता दें कि तड़के करीब 4 बजे घर के बाहर चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे आग फैल गई और देखते ही देखते तीन मंजिला मकान पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। मकान में रखे गैस सिलेंडरों में धमाके हुए, जिससे मकान का एक हिस्सा गिर गया और अंदर सो रहे लोगों को बचने का मौका नहीं मिला।
इनकी हुई मौत
इस हादसे में किशनगंज के धर्मशाला रोड निवासी विजय सेठिया (65), मनोज सेठिया (65), सुमन सेठिया (60), सिमरन सेठिया (30), छोटू सेठिया (22), और राशि सेठिया (12) के साथ दो और लोगों की मौत हुई है। विजय सेठिया पिछले समय से अस्वस्थ थे और परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में इंदौर स्थित अपने रिश्तेदार (पुगलिया परिवार) के घर रुके हुए थे।
किशनगंज में शोक
इस हादसे की खबर किशनगंज पहुंचते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन तुरंत इंदौर के लिए रवाना हुए हैॆ। प्रशासन और पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलसे लोग अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
सीएम यादव ने दुख जताते हुए कहा कि इंदौर में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
विधायक विजयवर्गीय ने भी जताया दुख
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बहुत दुखद घटना है। अलार्मिंग भी है, क्योंकि ईवी का युग है। इसकी चार्जिंग में आग लगी है। पूरा समाज ईवी की तरफ जा रहा है। पुलिस कमिश्नर से कहा है कि इसके लिए एक्सपर्ट की कमेटी बनाएं, ताकि इसकी पुनरावृत्ति नहीं हो। इसकी पूरी जानकारी लेकर इसकी एसओपी बनाना चाहिए।


