More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशभारत-पाक मुकाबले से पहले उज्जैन में हवन-पूजन, टीम इंडिया की जीत के...

    भारत-पाक मुकाबले से पहले उज्जैन में हवन-पूजन, टीम इंडिया की जीत के लिए 50 पुजारियों ने की विशेष प्रार्थना

    Ujjain News: 15 फरवरी रविवार यानी आज श्रीलंका में होने जा रहे भारत और पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. इसी कड़ी में उज्जैन के प्रसिद्ध अंगारेश्वर मंदिर में क्रिकेट प्रेमियों और पुजारियों ने टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष हवन-पूजन और अनुष्ठान किया. सुबह मंदिर परिसर में करीब 50 से अधिक पुजारी और श्रद्धालु एकत्र हुए और भारतीय टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की. इस दौरान सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे समेत टीम के खिलाड़ियों की तस्वीरें शिवलिंग के पास रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई.

    भारत की जीत के लिए भगवान अंगारेश्वर से की कामना

    मंदिर के पुजारी ने बताया कि भारत-पाक मुकाबला हमेशा से खास रहा है, इसलिए समस्त ब्राह्मण परिवार ने मिलकर भगवान अंगारेश्वर से टीम इंडिया की जीत की कामना की है. उन्होंने कहा कि भगवान से प्रार्थना की गई है कि भारतीय टीम एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप अपने नाम करे और पाकिस्तान को करारी शिकस्त दे.

    आज श्रीलंका के कोलंबों में शाम 7 बजे होगा मुकाबला

    आज शाम श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी. मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा. मौसम विभाग के अनुसार दिन में बारिश की संभावना है, हालांकि मैच के समय बारिश की आशंका कम बताई जा रही है. टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ बेहद मजबूत रहा है. दोनों टीमों के बीच खेले गए आठ मुकाबलों में से सात में भारत को जीत मिली है, जबकि पाकिस्तान केवल एक मैच ही जीत सका है. भारत ने 2007 और 2024 में टी-20 विश्व कप का खिताब जीता है, जबकि पाकिस्तान 2009 का चैंपियन रहा है.

    पकिस्‍तान के गेंदबाज उस्‍मान तारिक होंगे चुनौती

    टीम इंडिया के सामने इस मुकाबले में पाकिस्तान के गेंदबाज उस्मान तारिक की चुनौती होगी, जो अपनी धीमी गति, विविधता और अलग-अलग एंगल से गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. भारतीय टीम टूर्नामेंट में लगातार दस जीत के रिकॉर्ड के साथ उतर रही है और इस मैच में अपनी बढ़त कायम रखने की कोशिश करेगी.

    इस प्रकार रहेगी भारत-पाकिस्‍तान टीम

    संभावित प्लेइंग इलेवन में भारत की ओर से अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह या कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह शामिल हो सकते हैं.

    वहीं पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान अली आगा, बाबर आजम, उस्मान खान, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक और अबरार अहमद के खेलने की संभावना है.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here