एक दिन पहले राजगढ़ के बडला गांव में भी पैंथर ने एक श्वान को शिकार बनाने की कोशिश की
मिशनसच न्यूज अलवर। जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत राजगढ़–माचाड़ी सड़क मार्ग पर मंगलवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब पर्यटन केंद्र झरना के समीप सड़क किनारे एक पैंथर दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शी रिंकू सैनी ने बताया कि वह राजगढ़ लौट रहे थे, तभी वाहन की हेडलाइट में अचानक पैंथर सड़क किनारे नजर आया। करीब एक से डेढ़ मिनट तक पैंथर आसपास घूमता रहा, लेकिन जैसे ही रोशनी सीधी उस पर पड़ी, वह भागकर जंगल में चला गया। इस घटना का वीडियो भी रिंकू सैनी ने अपने मोबाइल में कैद किया और तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
पहले भी श्वान पर कर चुका हमला
इससे ठीक एक दिन पहले राजगढ़ के बडला गांव में भी पैंथर ने एक श्वान को शिकार बनाने की कोशिश की थी। हालांकि स्थानीय लोगों की हलचल के कारण पैंथर कुत्ते को घायल कर जंगल की ओर लौट गया। ग्रामीणों का कहना है कि पैंथर लगातार आसपास मंडरा रहा है, जिससे लोगों में भय व्याप्त है।
प्रत्यक्षदर्शी ने जताई चिंता
रिंकू सैनी का कहना है कि राजगढ़–माचाड़ी मार्ग पर देर रात तक वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में पैंथर का सड़क किनारे आना कभी भी मानव–वन्यजीव संघर्ष को जन्म दे सकता है। उन्होंने वन विभाग से मांग की कि लोगों की सुरक्षा के साथ ही पैंथर की सुरक्षा के लिए भी पुख्ता कदम उठाए जाएं।
वन विभाग की तैयारी
सूचना के बाद वन विभाग की टीम हरकत में आई। स्थानीय वन नाका अधिकारी राहुल फौजदार ने बताया कि क्षेत्र में पैंथर की लगातार आवाजाही की जानकारी मिल रही है। इस पर निगरानी बढ़ाई गई है और जरूरत पड़ने पर पिंजरे लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
टाइगर भी दिख चुके सड़क किनारे
स्थानीय लोग बताते हैं कि राजगढ़ क्षेत्र में पहले भी टाइगर सड़क किनारे बने वाटर होल पर पानी पीते देखे जा चुके हैं। उनकी कई वीडियो वायरल भी हो चुकी हैं। ऐसे में पैंथर की मौजूदगी से यह साफ हो रहा है कि क्षेत्र का जंगल वन्यजीवों के लिए महत्वपूर्ण आवास साबित हो रहा है।


