उज्जैन। नाबालिग से यौन शोषण के मामले में जोधपुर जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम बापू एक बार फिर मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचे हैं। हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद वे सीधे उज्जैन आए हैं और यहां शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय में अपना इलाज करा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार आसाराम पिछले दो दिनों से लगातार अस्पताल आ रहे हैं और आयुर्वेद की प्रसिद्ध पंचकर्म पद्धति से उनका उपचार किया जा रहा है।
डॉक्टर नरेंद्र मिश्रा की देखरेख में इलाज
अस्पताल के डॉक्टर नरेंद्र मिश्रा की देखरेख में उनका ट्रीटमेंट चल रहा है। गुरुवार सुबह आसाराम का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच धन्वंतरि अस्पताल पहुंचा था, जहां वे करीब डेढ़ घंटे तक रुके। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आसाराम को करीब एक सप्ताह तक रोजाना पंचकर्म कराने के लिए अस्पताल आना होगा।
पहले भी आ चुके हैं इलाज के लिए
इससे पहले मार्च 2025 में भी वे इसी अस्पताल में इलाज के लिए आए थे। तब भी उन्होंने आयुर्वेदिक पद्धति से स्वास्थ्य लाभ लिया था। इस बार भी वे शरद पूर्णिमा तक उज्जैन में ही रुक सकते हैं। उधर, आसाराम के उज्जैन आने की खबर फैलते ही अंकपात रोड स्थित उनके आश्रम में हलचल तेज हो गई है। बड़ी संख्या में उनके अनुयायी और समर्थक आश्रम पहुंचने लगे हैं।
प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट
आश्रम के बाहर भारी भीड़ देखी जा रही है। हालांकि पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गौरतलब है कि आसाराम बापू को राजस्थान के जोधपुर की अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वे लंबे समय से जेल में बंद हैं, लेकिन खराब सेहत का हवाला देकर समय-समय पर पैरोल पर बाहर आते रहे हैं और हर बार इलाज के लिए उज्जैन के इसी आयुर्वेदिक अस्पताल को चुनते हैं।


