More
    Homeदुनियाअमेरिका में दिलचस्प वाकया, रक्षा मंत्री ने फटकारे सैनिक को ही किया...

    अमेरिका में दिलचस्प वाकया, रक्षा मंत्री ने फटकारे सैनिक को ही किया सम्मानित

    वाशिंगटन। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने एक अनूठी पहल के तहत उस युवा अमेरिकी सैनिक को प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान से नवाजा है, जिसने हाल ही में वेटरन्स डे के मौके पर एक युद्ध स्मारक परिसर में अनुशासन और मर्यादा का पाठ पढ़ाया था। हेगसेथ ने खुद आगे आकर स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियस को यह मेडल प्रदान किया और उनकी कर्तव्यनिष्ठा की खुले दिल से सराहना की।

    पेंटागन में आयोजित समारोह में मिला उच्च सैन्य सम्मान

    पेंटागन द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री हेगसेथ ने उस सैन्य इकाई के सदस्यों को पेंटागन आमंत्रित किया था, जो वॉर मेमोरियल की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है। इसी दौरान उन्होंने वेटरन्स डे पर 'टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर' में अपनी निष्कलंक ड्यूटी निभाने के लिए स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियस को 'ज्वाइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल' प्रदान किया। हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर इस समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें सैनिकों, अनुशासन और तय मानकों से गहरा प्रेम है। अमेरिकी सेना में यह मेडल एक अपेक्षाकृत उच्च सैन्य सम्मान माना जाता है, जो आमतौर पर जूनियर एनलिस्टेड सैनिकों को कम ही मिलता है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में पीट हेगसेथ को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में महाभियोग की एक बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था, जिससे वह हाल ही में सुरक्षित बाहर निकले हैं।

    क्या था पूरा मामला और कैसे चर्चा में आए थे इग्लेसियस

    यह पूरा वाकया वेटरन्स डे पर आयोजित मुख्य समारोह के बाद का है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की उपस्थिति में हुए कार्यक्रम के समापन के पश्चात, रक्षा मंत्री हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर और कुछ वरिष्ठ सहयोगियों के साथ स्मारक पर पहुंचे थे। वहां उनका समूह मकबरे के सामने की खाली सीढ़ियों पर तस्वीरें खिंचवा रहा था और बातचीत के दौरान उनके बीच तेज हंसी-ठहाके गूंज रहे थे।

    तभी वहां डयूटी पर तैनात संतरी थॉमस इग्लेसियस ने प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उन्हें कड़े शब्दों में टोक दिया था और याद दिलाया था कि सभी आगंतुक हर समय शांति और गरिमा का माहौल बनाए रखें। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इग्लेसियस रातों-रात चर्चा में आ गए थे। उस समय पेंटागन के प्रवक्ता ने भी सैनिक के इस कदम का खुलकर समर्थन किया था और कहा था कि इग्लेसियस ने अपनी ड्यूटी निभाते हुए सभी को स्मारक की पवित्रता और अनुशासन का सही सलीका सिखाया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here