More
    Homeदेशबेटी के जन्म पर गुस्साए पिता ने 15 दिन की बच्ची को...

    बेटी के जन्म पर गुस्साए पिता ने 15 दिन की बच्ची को जहर देकर मौत के घाट उतारा

    बेलगावी (कर्नाटक): कर्नाटक के बेलगावी जिले के उक्कड़ गांव में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता ने अपनी ही 15 दिन की नवजात बच्ची को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया. पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी पिता केवल इसलिए अपनी बेटी का दुश्मन बन गया क्योंकि वह बेटा चाहता था.

    क्या है पूरा मामला

    पुलिस के अनुसार, आरोपी भीमराय चिप्पडी 17 मार्च को उक्कड़ गांव में अपनी ससुराल गया था. वह अपनी पत्नी शीला और नवजात बच्ची से मिलने के बहाने वहां पहुंचा था. उस दिन भारी बारिश हो रही थी और बच्ची की मां सो रही थी. इसी का फायदा उठाकर भीमराय ने मासूम के दूध पीने वाली बोतल के ऊपरी हिस्से में जहर लगा दिया और उसे पिला दिया.

    जहर शरीर में फैलते ही बच्ची के मुंह से झाग निकलने लगा और वह जोर-जोर से रोने लगी. बच्ची के रोने की आवाज सुनकर जब मां की नींद खुली, तो आरोपी भीमराय तुरंत वहां से भाग निकला. कुछ ही देर में उस मासूम ने अपनी मां की गोद में दम तोड़ दिया.

    बेटी को मायके छोड़ने का बनाता था दबाव

    पुलिस कमिश्नर भूषण बोरसे ने बताया कि आरोपी भीमराय अपनी पत्नी शीला पर लगातार दबाव बना रहा था कि वह बच्ची को अपने मायके में ही छोड़ दे और अकेली उसके साथ घर चले. उसे बेटी का पैदा होना मंजूर नहीं था. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि बच्ची की हत्या केवल उसके 'लड़की' होने के कारण की गई है.

    पुलिस की कार्रवाई

    मृतक बच्ची की मां शीला की शिकायत पर काकती पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पिता भीमराय को गिरफ्तार कर लिया है और उसे हिंडाल्गा जेल भेज दिया गया है. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here