More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशप्रदेश को मिलेट स्टेट बनाने में अनूपपुर का महत्वपूर्ण योगदान है :...

    प्रदेश को मिलेट स्टेट बनाने में अनूपपुर का महत्वपूर्ण योगदान है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

    भोपाल/अनूपपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश को मिलेट स्टेट बनाने में अनूपपुर जिले का बहुत बड़ा योगदान है। अनूपपुर जिला जल संपदा से पूरी तरह संपन्न है और यहाँ केवई उद्वहन सिंचाई परियोजना के माध्यम से सिंचाई सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

    मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअली जुड़कर अनूपपुर में आयोजित 'बलराम कृषि महोत्सव' को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने 'कृषक कल्याण वर्ष-2026' के तहत कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तकनीक और नवाचार के जरिए कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि करना और 100 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई क्षमता का विस्तार करना हमारा मुख्य लक्ष्य है।

    किसान कल्याण और बिजली आपूर्ति पर विशेष जोर

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि प्रदेश के किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे 'सेवा-संकल्प अभियान' के अंतर्गत किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुँचाने की बात कही गई। इसके अलावा, राज्य सरकार ने प्रदेश में ज्वार, बाजरा जैसे श्रीअन्न और धान उपार्जन के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसका लाभ उठाने के लिए किसानों से समय पर पंजीयन कराने का आह्वान किया गया है।

    गांव-गांव लगेगी किसान चौपाल, दूर होगी समस्याएं

    किसानों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि हर गाँव में किसान चौपालें लगाई जाएं, जिनके माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार मिलने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि अनूपपुर के किसान पारंपरिक धान, गेहूं, दलहन-तिलहन के साथ-साथ मशरूम और स्ट्रॉबेरी जैसी आधुनिक फसलों की खेती कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं और किसानों को पशुपालन व दुग्ध उत्पादन से जुड़कर कृषि उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

    सुगम परिवहन और निःशुल्क रजिस्ट्री का लाभ

    ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शुरू की गई 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना' से दूरदराज के गाँवों के लोगों को आवागमन में सुगमता मिलेगी। साथ ही, ग्रामीणों के लिए निःशुल्क रजिस्ट्री की विशेष व्यवस्था भी आरंभ कर दी गई है। सरकार बच्चों की बेहतर शिक्षा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

    प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

    महोत्सव के दौरान अनूपपुर जिले के प्रगतिशील किसानों ने आधुनिक तकनीकों, जैविक खेती और पशुपालन के अपने अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उन्नतशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया:

    • सम्मानित उन्नतशील किसान: श्री रामप्रमोद साहू, श्री ओम प्रकाश जोगी, श्री फत्तेलाल जयसवाल, श्री जीवनलाल और श्री जगदीश सिंह।

    • सम्मानित मेधावी विद्यार्थी (शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अनूपपुर): दुर्गेश्वरी कोल, दुर्गा सिंह, धनश्वरी देवी, शुभा द्विवेदी और आकाश सिंह मरावी।

    प्रदर्शनी और विभागीय मार्गदर्शन

    महोत्सव के प्रांगण में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभागों द्वारा भव्य प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों, और शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

    इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह, कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती वाल्मीकि राठौर, और पुष्पराजगढ़ के पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here