More

    एशिया कप 2025: 17 साल बाद बिना रोहित और विराट के उतरेगी टीम इंडिया

    नई दिल्ली : एशिया कप टी20 टूर्नामेंट का आगाज अगले महीने से होने जा रहा है। नौ सितंबर से 28 सितंबर तक टी20 प्रारूप में चलने वाले इस टूर्नामेंट का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। खासतौर पर इंतजार भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर है। टूर्नामेंट के शेड्यूल के मुताबिक, यह मैच 14 सितंबर को दुबई में होना है। हालांकि, अभी तक यह तय नहीं है कि भारतीय टीम यह मैच खेलेगी या नहीं। वहीं, भारत अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगा। 2008 के बाद ऐसा पहली बार होगा, जब भारतीय स्क्वॉड में रोहित शर्मा या फिर विराट कोहली का नाम न हो। 17 साल बाद टीम इन दोनों में से किसी एक के भी न होते हुए यह टूर्नामेंट खेलेगी। आइए जानते हैं कि 2008 से भारतीय टीम कितनी बदली है।

    एशिया कप (2008, 2010, 2012) : भारतीय टीम

    • 2008 में जो एशिया कप खेला गया था, उसमें महेंद्र सिंह धोनी कप्तान थे। वहीं, रोहित शर्मा का यह पहला एशिया कप था। उस संस्करण में विराट टीम का हिस्सा नहीं थे। युवराज सिंह उपकप्तान थे। वनडे प्रारूप में खेले गए उस संस्करण में टीम इंडिया तब फाइनल में पहुंची थी। हालांकि, श्रीलंका के हाथों में 100 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
    • 2010 में वनडे प्रारूप में ही खेले गए एशिया कप में भी धोनी ने ही कप्तानी की थी। उस संस्करण में रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों टीम इंडिया का हिस्सा रहे थे। हालांकि, टीम का उपकप्तान किसी को नहीं बनाया गया था। 2010 में भारतीय टीम फाइनल में श्रीलंका को 81 रन से हराकर चैंपियन बनी थी।
    • 2012 में वनडे प्रारूप में खेले गए एशिया कप में धोनी ही कप्तान थे। विराट कोहली को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और रोहित शर्मा भी स्क्वॉड का हिस्सा थे। 2012 में टीम इंडिया सेमीफाइनल में हारकर बाहर हो गई थी। पाकिस्तान ने फाइनल में बांग्लादेश को दो रन से हराकर खिताब जीता था। 

    एशिया कप (2014, 2016, 2018): भारतीय टीम

    • 2014 में वनडे प्रारूप में ही खेले गए एशिया कप में विराट कोहली ने कप्तानी की थी। धोनी ने किसी कारण नाम वापस ले लिया था। उस टीम में रोहित शर्मा भी थे। 2014 में भी भारतीय टीम सेमीफाइनल में हार गई थी। तब फाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर खिताब जीता था।
    • 2016 में पहली बार एशिया कप टी20 प्रारूप में खेला गया था। धोनी का यह बतौर कप्तान आखिरी एशिया कप रहा। टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों थे। भारतीय टीम चैंपियन बनी थी। उसने फाइनल में बांग्लादेश को आठ विकेट से हराकर खिताब जीता था। 
    • 2017 की शुरुआत में धोनी द्वारा सीमित ओवर के क्रिकेट की कप्तानी छोड़ने के बाद विराट कप्तान बने थे। हालांकि, 2018 एशिया कप से पहले उन्होंने किसी कारण नाम वापस ले लिया था। ऐसे में रोहित को कप्तानी का जिम्मा सौंपा गया। वहीं, शिखर धवन को उपकप्तान बनाया गया। धोनी बतौर विकेटकीपर उस टीम का हिस्सा थे। वनडे प्रारूप में खेले गए उस संस्करण को भारत ने अपने नाम किया था। फाइनल में रोहित की अगुआई वाली टीम ने बांग्लादेश को तीन विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था।

    एशिया कप (2022, 2023) : भारतीय टीम

    • 2022 में यह टूर्नामेंट फिर से टी20 प्रारूप में खेला गया था। धोनी रिटायर हो चुके थे, जबकि विराट सीमित ओवरों की कप्तानी से हट चुके थे। ऐसे में रोहित की अगुआई में टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में उतरी। वहीं, केएल राहुल उपकप्तान बनाए गए। विराट भी इस संस्करण में स्क्वॉड का हिस्सा थे। हालांकि, भारतीय टीम सेमीफाइनल में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। फाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 23 रन से हराया था।
    • 2023 में एक बार फिर से यह प्रारूप वनडे में खेला गया। रोहित टीम के कप्तान रहे, जबकि विराट भी टीम का हिस्सा थे। भारतीय टीम ने खिताब जीता था और फाइनल में श्रीलंका को 10 विकेट से शिकस्त दी थी। 

    2025 में यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला जाएगा। रोहित और विराट दोनों टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं और सूर्यकुमार यादव इस संस्करण में टीम की कमान संभाल सकते हैं। टीम इस बार पूरी तरह बदली नजर आ सकती है। मध्यक्रम से लेकर ओपनिंग और नए गेंदबाज नजर आ सकते हैं। अगले साल टी20 विश्व कप को देखते हुए भारत के लिए यह टूर्नामेंट बेहद महत्वपूर्ण होगा।

    भारत-श्रीलंका के नाम एक-एक एशिया कप टी20 का खिताब

    एशिया कप वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों में खेला जाता है। अगले साल होने वाले आईसीसी के मेजर टूर्नामेंट को देखते हुए इसका प्रारूप तय किया जाता है। उदाहरण के तौर पर अगले साल टी20 विश्व कप खेला जाना है, इस वजह से इस साल एशिया कप टी20 प्रारूप में खेला जा रहा है। वहीं, 2023 में वनडे विश्व कप हुआ था। इस वजह से उस साल एशिया कप वनडे प्रारूप में खेला गया था।

    1984 में इस टूर्नामेंट की शुरुआत हुई थी और तबसे लेकर 2014 तक यह टूर्नामेंट वनडे प्रारूप में ही खेला गया था। 2016 में पहली बार एशिया कप का आयोजन टी20 प्रारूप में हुआ था। फिर 2022 में दूसरी बार यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला गया। 2018 और 2023 में यह वनडे प्रारूप में खेला गया था। 2016 में भारत ने, जबकि 2022 में श्रीलंका ने एशिया कप टी20 अपने नाम किया था। वनडे और टी20, दोनों प्रारूपों को मिला दिया जाए, तो भारत कुल आठ बार चैंपियन बना है। इसके बाद श्रीलंका का नंबर आता है। यह टीम छह बार एशिया कप का खिताब जीत चुकी है। वहीं, पाकिस्तान की टीम दो बार चैंपियन बनी है। 

    Latest news

    Related news

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here