भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव इस साल 19 सितंबर से ऐची-नागोया (जापान) में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों (एशियन गेम्स) में भारतीय दल का हिस्सा नहीं होंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा तैयार की गई संभावित खिलाड़ियों की सूची (लांग लिस्ट) में उन्हें शामिल नहीं किया गया है। दूसरी ओर, आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से तहलका मचाने वाले 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को इस सूची में जगह मिली है, जिससे उनका चीन के बाद जापान में होने वाले इन खेलों में जाना लगभग तय माना जा रहा है।
नए कप्तान के साथ स्वर्ण पदक बचाने उतरेगी टीम इंडिया
बीसीसीआई द्वारा भेजी गई 30 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की सूची में टी-20 विश्व कप विजेता टीम के 13 दिग्गज शामिल हैं। इनमें जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह और ईशान किशन जैसे बड़े नाम हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव और मोहम्मद सिराज को इस सूची से बाहर रखा गया है। इसके अलावा श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल भी इस दौड़ में शामिल हैं। ऐसे में साफ है कि भारतीय टीम इस बार किसी नए कप्तान के नेतृत्व में अपने स्वर्ण पदक की रक्षा करने मैदान पर उतरेगी। बीसीसीआई जल्द ही अंतिम 15 सदस्यीय टीम का ऐलान करेगी।
एशियन गेम्स से पहले भी मिल सकता है वैभव को मौका
आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी के धमाकेदार प्रदर्शन के बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल करने की मांग लगातार बढ़ रही है। संभावितों में जगह मिलने से यह साफ हो गया है कि वह चयनकर्ताओं के राडार पर हैं। एशियन गेम्स से पहले भारतीय टीम को जून में आयरलैंड, जुलाई में इंग्लैंड व जिम्बाब्वे और अगस्त में श्रीलंका का दौरा करना है। मुमकिन है कि वैभव को एशियन गेम्स से पहले ही इन दौरों के लिए सीनियर टीम की जर्सी पहनने का अवसर मिल जाए।
मुख्य कोच गौतम गंभीर नहीं, वीवीएस लक्ष्मण संभालेंगे जिम्मेदारी
भारतीय सीनियर टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर एशियाई खेलों में टीम के साथ जापान नहीं जा पाएंगे, क्योंकि उनका नाम लांग लिस्ट में शामिल नहीं है। दरअसल, जब 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक जापान में क्रिकेट मुकाबले खेले जा रहे होंगे, ठीक उसी दौरान (27 सितंबर से 6 अक्टूबर) भारतीय टीम को अपनी सरजमीं पर वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। गंभीर वहां शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम के साथ व्यस्त रहेंगे। एशियन गेम्स की सूची में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को बतौर कोच शामिल किया गया है, इसलिए वही इस दौरे पर टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे।
एशियन गेम्स के लिए 30 संभावित खिलाड़ी:
ईशान किशन,ऋषभ पंत,संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल,जसप्रीत बुमराह,हार्दिक पंड्या,श्रेयस अय्यर,अभिषेक शर्मा, यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह,ऋतुराज गायकवाड़, वैभव सूर्यवंशी,अक्षर पटेल,कुलदीप यादव,रवि बिश्नोई,अर्शदीप सिंह,खलील अहमद,प्रसिद्ध कृष्णा,हर्षित राणा,वरुण चक्रवर्ती, नीतीश रेड्डी,शिवम दुबे,तिलक वर्मा,वाशिंगटन सुंदर,आयुष बदोनी,अनुकूल रॉय,शाहबाज अहमद, हर्ष दुबे, विप्रज निगम और यश ठाकुर।


