More
    Homeराजस्थानजयपुरजयपुर में कार शोरूम बना आग का गोला, कई लग्जरी कारें और...

    जयपुर में कार शोरूम बना आग का गोला, कई लग्जरी कारें और एसेसरीज जलकर राख

    जयपुर। राजधानी जयपुर के सीतापुरा इलाके में मंगलवार देर रात लग्जरी कारों के एक शोरूम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते शोरूम में खड़ी करीब आधा दर्जन महंगी कारें और लाखों रुपये की कार एसेसरीज जलकर पूरी तरह खाक हो गईं।

    मध्य रात्रि में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

    जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11:30 बजे सीतापुरा स्थित इस शोरूम से अचानक धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में धुएं ने विकराल आग का रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने घटना की तुरंत सूचना दमकल विभाग को दी। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, तब तक लपटों ने शोरूम के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था। आग के कारण उठा काला धुआं कई किलोमीटर दूर आसमान में साफ नजर आ रहा था।

    दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

    सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते टीमों ने आग को आसपास की अन्य इमारतों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग इसकी विस्तृत जांच कर रहे हैं।

    एक ही दिन में आग लगने की दूसरी बड़ी घटना

    गौरतलब है कि इसी दिन जयपुर के नारायण सिंह सर्किल स्थित एक कमर्शियल मॉल में भी दोपहर करीब 2 बजे आग लगने की घटना सामने आई थी। मॉल के एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण हुए इस हादसे के दौरान सतर्कता बरतते हुए तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और महज आधे घंटे के भीतर ही उस पर काबू पा लिया गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया था।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here