More
    HomeमनोरंजनIPL खिताब जीतते ही जश्न में डूबे सेलेब्स, स्टेडियम में दिखा सितारों...

    IPL खिताब जीतते ही जश्न में डूबे सेलेब्स, स्टेडियम में दिखा सितारों का उत्साह

    इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के रोमांचक फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए खिताबी ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। आरसीबी लगातार दो साल चैंपियन बनने वाली टीम बन गई है। इस ऐतिहासिक और शानदार जीत का जश्न सिर्फ खेल प्रेमी ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड और मनोरंजन जगत के कई बड़े सितारे भी अपने-अपने खास अंदाज में मना रहे हैं।

    आरसीबी ने लगातार दूसरी बार अपने नाम की ट्रॉफी

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने खिताबी मुकाबले में गुजरात की टीम को 5 विकेट से शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का किंग होने का गौरव हासिल किया है। इससे पहले टीम ने साल 2025 के सीजन में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार चमचमाती ट्रॉफी उठाई थी। रविवार को खेले गए इस महामुकाबले में आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अंत तक टिककर एक नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और अपनी टीम को 5 विकेट से शानदार जीत दिला दी।

    आरजे महवश ने बयां की खुशी

    इस बड़ी जीत का जश्न मनाते हुए आरजे महवश ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर दो फोटो पोस्ट की, जिसमें पहली तस्वीर स्टेडियम के भीतर की है और दूसरी फोटो में किंग कोहली नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'उफ्फ.. RCB'।

    अहमदाबाद पहुंचीं पूजा हेगड़े ने स्टेडियम से शेयर की फोटो

    मशहूर अभिनेत्री पूजा हेगड़े इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी सिलसिले में वह आईपीएल का फाइनल मैच देखने विशेष रूप से अहमदाबाद के स्टेडियम पहुंची थीं। आरसीबी की खिताबी जीत के बाद पूजा ने स्टेडियम से ही अपनी एक खूबसूरत तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट की और लिखा, 'आरसीबी ने एक बार फिर यह कर दिखाया।'

    करण जौहर ने टीम को दी शुभकामनाएं

    हिंदी सिनेमा के दिग्गज निर्माता-निर्देशक करण जौहर भी आरसीबी की इस कामयाबी से बेहद खुश नजर आए। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर टीम की जीत की सराहना करते हुए लिखा, 'रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को उनकी इस लगातार दूसरी ऐतिहासिक जीत पर ढेर सारी बधाइयां।'

    शहनाज गिल और नुसरत भरूचा ने भी मनाया जश्न

    चर्चित अभिनेत्री शहनाज गिल ने मैच के दौरान टीवी स्क्रीन का एक शॉट सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें विराट कोहली की जर्सी और स्टेडियम में जीत का जश्न मनाते फैंस नजर आ रहे हैं। दूसरी तरफ, अभिनेत्री नुसरत भरूचा ने भी अनुष्का शर्मा का एक खूबसूरत स्क्रीनशॉट अपनी स्टोरी पर लगाया, जिसमें अनुष्का स्टैंड्स में खड़े होकर विराट और टीम की जीत पर बेहद खुश होकर तालियां बजाती दिख रही हैं।

    साउथ स्टार ऋषभ शेट्टी ने दी किंग कोहली को बधाई

    कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी ने भी अपनी होम टीम की इस बड़ी जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सभी खिलाड़ियों की एक कंबाइंड फोटो शेयर करते हुए पूरी टीम और विशेष रूप से विराट कोहली को इस बेमिसाल खिताबी जीत की बधाई दी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here