More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशढाबे में हंगामा और मारपीट, बदमाशों की करतूत CCTV में रिकॉर्ड

    ढाबे में हंगामा और मारपीट, बदमाशों की करतूत CCTV में रिकॉर्ड

    जबलपुर: पनागर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांधीग्राम स्थित 'सतना ढाबा' पर शुक्रवार की रात हथियारों से लैस बेखौफ बदमाशों ने जमकर उत्पाद मचाया। इलाके के कुख्यात और आदतन अपराधी राज यादव और जीत रैकवार अपने आधा दर्जन गुर्गों के साथ ढाबे पर भोजन करने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद जब ढाबा संचालक ने उनसे नियमानुसार बिल के पैसे मांगे, तो अपराधी इस कदर भड़क गए कि उन्होंने ढाबे को ही जंग का मैदान बना दिया। आरोपियों ने लाठी, डंडों और बेसबॉल बैट से संचालक और वहां काम करने वाले कर्मचारियों पर जानलेवा हमला कर दिया। करीब 10 मिनट तक चले इस खूनी तांडव के कारण ढाबे में मौजूद आम ग्राहकों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागे। बदमाशों की यह पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में साफ कैद हो गई है।

    बिल मांगते ही निकाला बेसबॉल बैट, तोड़फोड़ और खूनी संघर्ष

    चश्मदीदों के मुताबिक, गांधीग्राम के इस नामचीन ढाबे पर रोजाना की तरह ग्राहक भोजन कर रहे थे, तभी राज यादव और जीत रैकवार अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। भरपेट खाना खाने के बाद सभी आरोपी बिना काउंटर पर भुगतान किए चुपचाप बाहर निकलने लगे। ढाबा संचालक ने जब उन्हें रोका और शालीनता से पैसे मांगे, तो अपराधियों ने गालियां देना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बदमाशों ने अपनी गाड़ियों से लाठियां, लोहे के डंडे और बेसबॉल बैट निकाल लिए और कर्मचारियों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस अचानक हुए हमले में ढाबा संचालक और कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।

    आदतन अपराधी हैं नामजद आरोपी, पुलिस खंगाल रही है कुंडली

    वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी राज यादव और जीत रैकवार इलाके के हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में रंगदारी, मारपीट और डराने-धमकाने के कई गंभीर मामले दर्ज हैं।ढाबे पर तोड़फोड़ करने और कर्मचारियों का सिर फोड़ने के बाद भागते समय आरोपियों ने पूरे स्टाफ को दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की खुली धमकी भी दी।

    पुलिस की कार्रवाई और दबिश जारी

    घटना की सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें हमलावर और उनके हाथ में लहराते हथियार साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों मुख्य नामजद आरोपियों सहित उनके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ जानलेवा हमला, तोड़फोड़ और बलवा करने की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here