More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशछिंदवाड़ा: पीएम श्री स्कूल में आधे भी नहीं हुए पास, उर्दू मेन...

    छिंदवाड़ा: पीएम श्री स्कूल में आधे भी नहीं हुए पास, उर्दू मेन बोर्ड स्कूल का रिजल्ट शत-प्रतिशत

    छिंदवाड़ा: कई सरकारी स्कूलों को पीएम श्री बनाकर अपग्रेड किया गया है. इसके तहत टीचरों से लेकर संसाधन बेहतर उपलब्ध कराए गए हैं लेकिन रिजल्ट आने पर कई स्कूल फिसड्डी साबित हुए हैं. कक्षा नवमी और ग्यारहवीं का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है. जिले में कक्षा नवमी में 58.37 और कक्षा ग्यारहवीं में 77.08 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं लेकिन अब शिक्षा विभाग के आला अधिकारी उन स्कूलों को चिन्हित कर रहे हैं जिनका 50 फीसदी भी रिजल्ट नहीं रहा है.

    53 स्कूल में 20 स्कूलों का रिजल्ट 50 फीसदी से कम

    छिंदवाड़ा विकासखंड में कक्षा नवमीं के रिजल्ट की समीक्षा की जा रही है. शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विकासखंड छिंदवाड़ा में कक्षा नवमी के कुल 53 सरकारी स्कूलों में से 20 स्कूल ऐसे चिन्हित किए हैं जिनका रिजल्ट खराब रहा है. यहां आधे छात्र भी उत्तीर्ण नहीं हुए हैं.

    इन स्कूलों का 50 फीसदी से कम रहा रिजल्ट

    पीएम श्री शासकीय एमएलबी कन्या उमावि 46.2 प्रतिशत, कैलाश नगर, नवीन जवाहर बालक उमवि 35.56 प्रतिशत, उमावि कुकड़ा जगत 41 प्रतिशत, उमावि खजरी 26, उमावि गांगीवाड़ा 26.8, उमावि मुरैषा 33.78, उमावि सेवाखार 33.33, उमावि रोहनकला 37.75, उमावि कपरवाडी 40.5, उमावि कोटलबर्टी 25.57, उमावि मेघासिवनी 26.92, कन्या जवाहर हाईस्कूल 42.85, कन्या हाईस्कूल बरारीपुरा 33.3, हाईस्कूल इमलीखेड़ा 40, हाईस्कूल कन्चा रोहनकला 45, हाईस्कूल चारगांव प्रहलाद 37.7, हाईस्कूल पिंडरईकलां 48.5, हाईस्कूल अजनिया 37 प्रतिशत और हाईस्कूल घाट परासिया का 30 प्रतिशत रिजल्ट रहा.

    उत्कृष्ट विद्यालय में 31 विद्यार्थी नहीं हो पाए पास

    उत्कृ‌ष्ट विद्यालय नवमी में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा के बाद एडमिशन मिलता है. यानि इस स्कूल में चिन्हित विद्यार्थी ही कक्षा नवमी में पढ़ पाते हैं. इसके बावजूद यहां पर सिर्फ 90 फीसदी रिजल्ट रहा जबकि 31 विद्यार्थी पास ही नहीं हो पाए है. हालांकि इन विद्यार्थियों को परीक्षा का द्वितीय अवसर मिल रहा है. उत्कृष्ट स्कूल में कुल 312 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी जिसमें से 281 पास हुए हैं. इसी प्रकार एमएलबी स्कूल का रिजल्ट भी महज 46.2 प्रतिशत रहा है.

    उर्दू मेन बोर्ड स्कूल का शत-प्रतिशत रिजल्ट

    विकासखंड छिंदवाड़ा में ही 4 स्कूल ऐसे हैं, जहां पर 90 प्रतिशत से अधिक रिजल्ट रहा है. उमावि उभेगांव 95.4 प्रतिशत, स्कूल थांवरीटेका 97.3 प्रतिशत और मालनवाड़ा स्कूल का रिजल्ट 95 प्रतिशत रहा है. जबकि उर्दू स्कूल का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा है. इन सभी 53 स्कूलों में कक्षा नवमी के रिजल्ट में शासकीय हाईस्कूल उर्दू मेन बोर्ड स्कूल ऐसा रहा है, जहां पढ़ने वाले सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण हो गए हैं. इस स्कूल में कुल दर्ज संख्या 10 थी जहां सभी शत-प्रतिशत उत्तीर्ण हुए हैं.

     

    'मेहनत तो पूरी की लेकिन रिजल्ट कम आया'

    पीएम श्री स्कूल की प्रिंसिपल मनीषा मिश्रा का कहना है कि "हमने पूरी मेहनत की थी और सभी शिक्षकों ने काम भी बेहतर किया लेकिन इसके बाद भी रिजल्ट 47 प्रतिशत रहा. आखिर ऐसा क्यों हुआ इसकी समीक्षा की जा रही है."

    इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल सिंह बघेल ने कम रिजल्ट लाने वाले स्कूलों को नोटिस जारी स्पष्टीकरण मांगा है और फिर से तैयारी करने के निर्देश दिए हैं. वही उर्दू मेन बोर्ड के शिक्षकों में इस बात की खुशी है कि उनके स्कूल में रिजल्ट 100 फीसदी रहा है हालांकि इस स्कूल में मात्र 10 बच्चे और 3 शिक्षक हैं.

    उर्दू स्कूल के शिक्षक बी आर ओकटे का कहना है कि सभी शिक्षकों के प्रयास से यह सफलता हासिल की है. बच्चों के लिए छोटे-छोटे प्रश्नों की तैयारी करवाई गई और रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here