More
    Homeदुनियाचीन ने फोर स्वॉर्ड्समेन बेड़े में जे-35ए स्टील्थ विमान शामिल किए

    चीन ने फोर स्वॉर्ड्समेन बेड़े में जे-35ए स्टील्थ विमान शामिल किए

    बीजिंग । चीन ने अपनी सैन्य रणनीति में महत्वपूर्ण बदलाव कर अपने थ्री स्वॉर्ड्समेन बेड़े को अब फोर स्वॉर्ड्समेन में बदल दिया है। इस बड़े रणनीतिक कदम के तहत चीन ने अपने लड़ाकू बेड़े में जे-35ए स्टील्थ फाइटर जेट को शामिल किया है। इसका मुख्य उद्देश्य एक किल चेन नेटवर्क तैयार करना है, जहाँ जे-35ए विमान बिना अपना रडार चालू किए डेटा एकत्र करेगा और जे-10सी तथा जे-16 जैसे विमानों को मिसाइल दागने के लिए सटीक मार्गदर्शन प्रदान करेगा। यह पहल सेंसर फ्यूजन, डेटा युद्ध और भविष्य की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित लड़ाइयों के लिए चीन की तैयारी को दर्शाती है।
    चीन की सरकारी मीडिया ने बताया है कि जे-35ए विमान में एवियोनिक्स, सिचुएशनल अवेयरनेस और हथियार एकीकरण में कई महत्वपूर्ण अपग्रेड किए गए हैं। चीन डब्लूयएस-19 नाम से एक नया टर्बोफैन इंजन भी विकसित कर रहा है, जिसे भविष्य में इन विमानों में लगाया जाएगा। फोर स्वॉर्ड्समेन रणनीति में जे-20 (भारी स्टील्थ फाइटर), जे-35ए (स्टील्थ फाइटर), जे-10सी (मल्टी-रोल एयरक्राफ्ट) और जे-16 (भारी मल्टी-रोल एयरक्राफ्ट) शामिल हैं। यह पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट और 4.5 पीढ़ी के लड़ाकू विमानों का एक मिश्रण है, जो युद्ध के समय एकीकृत रूप से काम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
    हालांकि, कागजों पर यह रणनीति बेहद प्रभावी दिखती है, लेकिन तिब्बत जैसे ऊंचे और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों में क्रियान्वित करना चीन के लिए मुश्किल भरा साबित हो सकता है। भारतीय वायुसेना के पूर्व पायलट के अनुसार, जे-20 की इंजन क्षमता पर अभी भी सवाल हैं क्योंकि इसमें डब्लयूएस-15 इंजन के अभाव में पुराने इंजन लगाए गए हैं। ऐसी स्थिति में स्टील्थ विमान अपनी पूरी क्षमता से भारी पेलोड के साथ उड़ान नहीं भर पाते और बिना आफ्टरबर्नर के सुपरसोनिक गति में क्रूज करने में उन्हें काफी दिक्कतें होती हैं।
    वायुसेना के पूर्व पायलट ने बताया कि तिब्बत में ऊंची पहाड़ियों और कम वायु घनत्व (ल्हासा, शिगात्से जैसे एयरबेस समुद्र तल से 12-14 हजार फीट की ऊंचाई पर हैं) के कारण फाइटर जेट्स के बीच तालमेल बनाना बेहद मुश्किल होता है। जे-35ए की स्टील्थ कोटिंग भी अत्यधिक ठंड और बर्फबारी में जल्द कमजोर पड़ सकती है। किल चेन नेटवर्क के लिए आवश्यक हाई-स्पीड डेटा लिंक द्वारा हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच रेडियो सिग्नल भेजना भी एक बड़ी चुनौती है।
    इसके विपरीत, भारत के पास कई रणनीतिक लाभ हैं। भारतीय विमान मैदानी इलाकों से उड़ान भरते हैं, जिससे उन्हें परिचालन में आसानी होती है। भारत के राफेल और एसयू-30एमकेआई जैसे फाइटर जेट्स इन चुनौतीपूर्ण हालातों में काफी प्रभावी साबित होगा। पूर्व पायलट का कहना है कि भारत ने स्टील्थ विमानों के अभाव में अपनी इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर (ईडब्ल्यू) क्षमताओं को काफी मजबूत किया है। भारत के पास इसतरह के रडार हैं जो चीनी विमानों के बीच के संचार प्रणालियों को जाम कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तब चीन की यह महत्वाकांक्षी चौकड़ी पूरी तरह से बिखर सकती है, जिससे उसकी रणनीति को गहरा झटका लगेगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here