नोवोरोस्सिस्क/कराची। रूस के नोवोरोस्सिस्क बंदरगाह से पाकिस्तान के कराची जा रहे एक मालवाहक जहाज पर हाल ही में संदिग्ध ड्रोन हमला हुआ है। इस हमले के बाद जहाज के आवासीय हिस्से (अकोमोडेशन एरिया) में भीषण आग लग गई, जिससे उस पर सवार सभी 23 भारतीय नाविकों की जान खतरे में पड़ गई। राहत की बात यह है कि चालक दल की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और जहाज पर मौजूद सभी भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं।
रूस से कराची जा रहा था ‘एमवी बेरिऑन’ जहाज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले का शिकार हुआ मालवाहक जहाज ‘एमवी बेरिऑन’ (MV Beryon) 2 सितंबर को रूस के नोवोरोस्सिस्क बंदरगाह से कराची के लिए रवाना हुआ था। धवार दोपहर करीब 2:16 बजे जहाज के पोर्ट साइड (बाईं ओर) से आए एक अज्ञात ड्रोन ने इसके स्टारबोर्ड साइड (दाहिनी ओर) स्थित रिहायशी क्षेत्र को निशाना बनाया। जोरदार धमाके के साथ जहाज में आग लग गई। स्थिति को देखते हुए चालक दल ने तुरंत अलार्म बजाया और सभी नाविकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
एक के बाद एक दो ड्रोन देखे गए, एक घंटे में आग पर पाया काबू
पहले हमले के ठीक 9 मिनट बाद, दोपहर 2:25 बजे चालक दल को एक और ड्रोन दिखाई दिया, हालांकि वह जहाज से टकराए बिना दूर निकल गया।
आग पर नियंत्रण: दूसरे ड्रोन के जाने के बाद चालक दल के सदस्यों ने मोर्चा संभाला और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम 3:30 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
सुरक्षा जांच: इस हमले में जहाज के रिहायशी हिस्से को नुकसान पहुंचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि न तो समुद्र में तेल का रिसाव हुआ और न ही जहाज के अंदर पानी भरा।
सभी प्रणालियां सुरक्षित, अपनी ही शक्ति से आगे बढ़ा जहाज
आग बुझाने के बाद आपातकालीन प्रोटोकॉल के तहत जहाज के मुख्य इंजन, स्टीयरिंग और नेविगेशन सिस्टम की गहन जांच की गई। सभी प्रणालियां सामान्य पाए जाने के बाद, शाम करीब 4 बजे एमवी बेरिऑन ने अपनी ही शक्ति से कराची की ओर अपनी यात्रा दोबारा शुरू कर दी। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद सभी 23 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


