मैहर। मां शारदा की पवित्र नगरी मैहर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री गुरुवार देर रात पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों और प्रशंसकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मैहर पहुँचने के बाद बाबा बागेश्वर का एक बिल्कुल अलग और अनूठा अंदाज देखने को मिला, जिसका वीडियो और चर्चा अब पूरे इलाके में छाई हुई है।
एसपी के साथ क्रिकेट खेलते आए नजर
आम तौर पर धार्मिक मंचों और कथाओं में नजर आने वाले धीरेंद्र शास्त्री मैहर पहुँचने के बाद सीधे केजेएस (KJS) आवासीय परिसर पहुँचे। यहाँ उन्होंने मैहर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश प्रताप सिंह के साथ क्रिकेट खेला। इस दौरान एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने उनकी गेंदों पर जमकर चौके-छक्के लगाए। देर रात मैदान पर नजर आया उनका यह दोस्ताना और खेलप्रेमी अंदाज वहाँ मौजूद लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बन गया।
आज दोपहर आयोजित होगा 'सनातन संवाद' कार्यक्रम
अपने इस मैहर दौरे के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विशेष 'सनातन संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। केजेएस आवासीय परिसर में दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले इस पहले आधिकारिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में जबरदस्त उत्साह है। मां शारदा धाम के चलते पहले से ही धार्मिक केंद्र रहे मैहर में इस आयोजन से पूरा माहौल और अधिक भक्तिमय हो गया है, जिसमें शामिल होने के लिए दूर-दराज के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुँचे हैं।


