More
    Homeराज्ययूपीनशे के कारोबार की परतें खुलीं, नूरी-तबस्सुम की भूमिका पर बड़ा खुलासा

    नशे के कारोबार की परतें खुलीं, नूरी-तबस्सुम की भूमिका पर बड़ा खुलासा

    बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली शहर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रविवार को एक अहम कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से स्मैक बेचने के आरोप में दो सगी बहनों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में स्मैक और नशे की बिक्री से कमाए गए हजारों रुपये नकद बरामद हुए हैं।

    चेकिंग के दौरान धरी गईं दोनों बहनें

    मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात शहर कोतवाल अमर सिंह राठौड़ की अगुवाई में पुलिस टीम ने मोहल्ला मिर्दगान (बी) की रहने वाली दो सगी बहनों—रहनुमा उर्फ नूरी (24 वर्ष) और तब्बसुम (30 वर्ष) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को इनके पास से कुल 111.54 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसमें से 50.35 ग्राम स्मैक की बड़ी डली के रूप में और 61.19 ग्राम स्मैक बिक्री के लिए तैयार की गई छोटी-छोटी पुड़ियों में थी।

    इसके अलावा, पुलिस ने मौके से स्मैक की पुड़िया बेचकर जुटाए गए 88,950 रुपये की नकदी भी बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहाँ से दोनों को जेल भेज दिया गया है।

    बीमार भाई का नेटवर्क संभालने लगी थीं बहनें

    पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन दोनों बहनों का भाई पहले से ही नशे का आदी है और मादक पदार्थों की तस्करी के अवैध धंधे में लिप्त है। उसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में भाई के गंभीर रूप से बीमार होने के कारण, दोनों बहनों ने उसके पूरे तस्करी नेटवर्क को अपने हाथ में ले लिया और खुद स्मैक बेचने का धंधा शुरू कर दिया।

    मायके में रहकर चला रही थीं धंधा: आरोपी बहनों में से तब्बसुम की शादी हो चुकी है, लेकिन वह अपनी ससुराल अमरोहा में रहने के बजाय काफी समय से बिजनौर स्थित अपने मायके में ही रह रही थी और अपनी छोटी बहन नूरी के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रही थी।

    नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस टीम

    इस कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक (SI) अंकुरपाल और महिला उपनिरीक्षक ममता समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।"आरोपी बहनों के पूरे नेटवर्क और स्मैक की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य सप्लायरों के बारे में गहनता से पूछताछ और जांच की जा रही है। इस अवैध धंधे में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी पुख्ता सबूत मिलते ही सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here