जयपुर। जयपुर जंक्शन, गांधीनगर, खातीपुरा और सांगानेर के बाद अब दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन का भी कायाकल्प किया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर नया स्वरूप देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पुनर्विकास कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और दीपावली के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। रेलवे ने इस पूरे प्रोजेक्ट को करीब डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। दुर्गापुरा स्टेशन का यह कायाकल्प जयपुर-सवाई माधोपुर रेलमार्ग दोहरीकरण परियोजना के तहत किया जा रहा है, जिस पर लगभग 1,200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
हाईटेक मुख्य भवन और नए प्लेटफॉर्म्स का निर्माण
पुनर्विकास योजना के तहत दुर्गापुरा स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और ट्रेन परिचालन को बेहतर बनाने के लिए कई ढांचागत बदलाव किए जाएंगे:
नया प्रशासनिक व मुख्य भवन: 60.35 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा नया मुख्य भवन बनेगा। इसके साथ ही सिग्नल व दूरसंचार विभाग के लिए 13.80 मीटर चौड़ा अलग प्रशासनिक भवन तैयार किया जाएगा।
रेल लाइनें व प्लेटफॉर्म्स: ट्रेन संचालन को सुगम बनाने के लिए दो नई रेल लाइनें बिछाई जाएंगी। इसके अलावा, 600 मीटर लंबा हाई-लेवल प्लेटफॉर्म-1 तथा 600 मीटर लंबा नया आइलैंड प्लेटफॉर्म (नंबर 4 और 5) बनाया जाएगा।
दुर्गापुरा स्टेशन से जुड़ी मुख्य जानकारी
घनी आबादी वाले इलाके में स्थित होने के कारण दुर्गापुरा स्टेशन पर रोजाना औसतन 6,500 से 7,000 यात्रियों की आवाजाही होती है और यहां लगभग 66 ट्रेनों का ठहराव होता है। लंबे समय से यात्री सुविधाओं के अभाव को देखते हुए स्थानीय निवासियों की मांग पर यह नवीनीकरण किया जा रहा है।
लिफ्ट, फुट ओवरब्रिज और आधुनिक शेड की मिलेगी सुविधा
यात्रियों के सुगम आवागमन और सहूलियत के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी:
नया फुट ओवरब्रिज: एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए लिफ्ट सुविधा से युक्त 6 मीटर चौड़ा नया फुट ओवरब्रिज (FOB) बनेगा।
आधुनिक शेड: धूप और बारिश से बचाव के लिए प्लेटफॉर्म-1 और नए आइलैंड प्लेटफॉर्म पर कुल 5,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में आधुनिक शेड लगाए जाएंगे।
सर्कुलेटिंग और पार्किंग एरिया: प्लेटफॉर्म-1 की तरफ के सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार कर उसका सौंदर्गीकरण किया जाएगा और विशाल पार्किंग क्षेत्र विकसित होगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) अमित सुदर्शन ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और बड़ी राहत मिलेगी।


