More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशमध्यप्रदेश पुलिस की अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई

    मध्यप्रदेश पुलिस की अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई

    भोपाल : मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण, परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध प्रदेशभर में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत एक सप्‍ताह में प्रदेश के विभिन्‍न जिलों में कार्रवाई के दौरान गांजा, अफीम, डोडाचूरा एवं एमडी ड्रग्स सहित तस्करी में प्रयुक्त वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। इन कार्रवाइयों में लगभग 1 करोड़ 26 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ एवं संपत्ति जब्त की गई है। विभिन्न प्रकरणों में आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

    प्रमुख कार्यवाही

    नीमच

    थाना नीमच कैंट पुलिस ने 10 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम, जिसकी अनुमानित कीमत 51 लाख रुपये है, के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चार थैलियों में अफीम बरामद हुई। प्रकरण में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

    सिंगरौली

    मकरोहर चौकी सासन क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 91 किलो 790 ग्राम गांजा, 93 लीटर अवैध शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त दो कारें जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री एवं वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग 24 लाख 86 हजार रुपये है।

    आगर-मालवा

    थाना कोतवाली पुलिस ने त्‍वरित कार्यवाही करते हुए मिनी ट्रक से 252 किलो 830 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में मिनी ट्रक एवं मोबाइल सहित लगभग 17 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

    जबलपुर

    क्राइम ब्रांच एवं बरगी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक-युवती को गिरफ्तार कर 11 किलो 184 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 5 लाख 59 हजार रुपये है, जब्त किया गया।

    वहीं क्राइम ब्रांच एवं गढ़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 किलो 682 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 34 हजार रुपये है, बरामद किया गया।

    दोनों प्रकरणों में पुलिस ने लगभग 14 लाख 93 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई।

    इंदौर

    थाना खजराना पुलिस ने देवास से इंदौर में एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने आए एक आरोपी को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया। उनके कब्जे से लगभग 11 लाख 50 हजार रुपये की 100 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्‍त की गई।

    सागर

    थाना केंट पुलिस ने राठौर बंगला, कैंट के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 20 किलो 356 ग्राम गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 2 लाख 80 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की।

    व‍हीं एक अन्‍य कार्यवाही में दमोह से सागर गांजा लेकर आए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 किलो 272 ग्राम गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 1 लाख 5 हजार रूपए से अधिक की संपत्ति जब्त की । दोनों कार्रवाइयों में लगभग 3 लाख 85 हजार रूपए से अधिक की संपत्ति जब्‍त की है।

    मंदसौर

    थाना नारायणगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय डोडाचूरा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार से 44 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपये है।

    गुना

    थाना चांचौड़ा पुलिस ने गांजा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्‍जे से 1 किलो 154 ग्राम अवैध गांजा, तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

    हरदा

    थाना कोतवाली पुलिस ने 2 किलो 20 ग्राम अवैध गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर लगभग 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्‍त की है।

    कटनी

    थाना बड़वारा पुलिस ने मोटरसाइकिल से गांजा तस्करी करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 330 ग्राम अवैध गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की।

    मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहनों एवं अन्य संपत्ति की जब्ती की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here