मुंबई. महाराष्ट्र विधान परिषद के आगामी चुनावों को लेकर सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास आघाड़ी (एमवीए) दोनों ही गठबंधनों के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। स्थिति यह है कि दोनों ही गठबंधनों के घटक दल कुछ चुनिंदा सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ अपने उम्मीदवार मैदान में उतार रहे हैं, जिससे राजनीतिक पारा चढ़ गया है। निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार इन पांच सीटों पर आगामी तेईस अक्टूबर को मतदान संपन्न होगा और सत्ता्सत्ताईस अक्टूबर को वोटों की गिनती के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।
विपक्षी गठबंधन और सत्तापक्ष में आमने-सामने की स्थिति
विपक्ष की ओर से शिवसेना (यूबीटी) ने अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दत्तात्रय लहाने और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप घुगे को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि कांग्रेस ने भी अमरावती सीट से अदिति पोहरे को टिकट दिया है। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी दोनों ही सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। दूसरी तरफ, सत्तारूढ़ महायुति के भीतर भी सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है, जहां पुणे शिक्षक सीट को लेकर भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना आमने-सामने आ गई हैं। भाजपा ने जहां अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया है, वहीं शिवसेना ने भी इसी सीट से मंगेश चिवटे को उतारने की घोषणा कर दी है, जिससे चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प और रोमांचक हो गया है।


