More
    Homeखेलस्टीव स्मिथ को फैन ने सुनाई खरी-खोटी, 'प्रिंसेस बनना बंद करो' का...

    स्टीव स्मिथ को फैन ने सुनाई खरी-खोटी, ‘प्रिंसेस बनना बंद करो’ का वीडियो वायरल

    डार्विन: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच डार्विन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले के पहले दिन मैदान पर खेल के साथ-साथ एक मजेदार वाकया भी देखने को मिला। अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ जब साइट-स्क्रीन के पास दर्शकों की आवाजाही से परेशान होकर खेल रुकने का इंतजार कर रहे थे, तब एक फैन ने उन्हें अनोखे अंदाज में ताना मार दिया।

    स्टीव स्मिथ पर प्रशंसक ने कसा तंज

    जब स्टीव स्मिथ साइट-स्क्रीन के इर्द-गिर्द हो रही हलचल के कारण असहज दिखे और गेंदबाज के रन-अप से पहले स्थिति सामान्य होने का इंतजार करने लगे, तो स्टैंड में बैठे एक दर्शक ने उन्हें निशाने पर ले लिया। फैन ने आवाज लगाते हुए कहा, 'बस गेंद को हिट करो, स्मज। प्रिंसेस बनना बंद करो। तुम खेल से बड़े नहीं हो, स्टीव। इसे स्वीकार करो।' दर्शक की यह बात लाइव ब्रॉडकास्ट में भी साफ सुनी गई, जो शुरुआती दिन के सबसे दिलचस्प और हास्यप्रद पलों में से एक रही।

    बांग्लादेश के गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को समेटा

    मैच की बात करें तो पहले दिन बांग्लादेशी तेज गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी का मुजायरा पेश करते हुए मेजबान ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी को महज 198 रनों पर ढेर कर दिया। बांग्लादेश की ओर से हसन महमूद ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 55 रन देकर 6 महत्वपूर्ण विकेट झटके।

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही थी और उसने बिना किसी नुकसान के 45 रन बना लिए थे। लेकिन इसके बाद हसन महमूद ने कहर बरपाते हुए पारी को लड़खड़ा दिया। डार्विन में जन्मे ओपनर जेक वेदराल्ड 23 रन बनाकर और उनके ठीक अगले ओवर में ट्रेविस हेड सस्ते में आउट हो गए। देखते ही देखते स्कोर 52 रन पर दो विकेट हो गया और मार्नस लाबुशेन तथा कैमरन ग्रीन भी टिक नहीं सके।

    स्टीव स्मिथ ने खेली 71 रनों की जुझारू पारी

    एक छोर से लगातार विकेट गिरते देखने के बाद स्टीव स्मिथ ने जिम्मेदारी संभाली और सूझबूझ दिखाते हुए 109 गेंदों पर 71 रनों की शानदार पारी खेली। वे ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। हालांकि, 51वें ओवर में वे हसन महमूद की शॉर्ट गेंद पर गच्चा खाकर टॉप-एज दे बैठे और आउट हो गए। उनके आउट होते ही पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 198 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में यह ऑस्ट्रेलिया का सबसे न्यूनतम स्कोर है।

    23 साल बाद ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर टेस्ट खेल रहा है बांग्लादेश

    बांग्लादेश की टीम पूरे 23 साल के लंबे अंतराल के बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैच खेलने उतरी है और पहले ही दिन उसने अपनी गेंदबाजी से दबदबा बना लिया। डार्विन के मैदान पर भी दो दशक से अधिक समय बाद टेस्ट क्रिकेट की वापसी हुई है। हसन महमूद का 6/55 का यह जादुई स्पेल किसी भी बांग्लादेशी तेज गेंदबाज का टेस्ट पारी में तीसरा सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। इस प्रकार, खेल के पहले दिन का पूरा सेशन बांग्लादेश के नाम रहा, जबकि स्टीव स्मिथ और फैन के बीच का वह मजेदार वाकया चर्चा का विषय बन गया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here