More
    Homeराज्यराजस्थानमातृभूमि की रक्षा ही सबसे बड़ा धर्म: मुख्यमंत्री भजनलाल

    मातृभूमि की रक्षा ही सबसे बड़ा धर्म: मुख्यमंत्री भजनलाल

    जयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान वीरों की धरती है और यहां के वीर सपूतों ने देश की सुरक्षा में अग्रणी रहकर मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर किया है। हमारे लिए मातृभूमि की रक्षा ही सबसे बड़ा धर्म और जन्मभूमि ही स्वर्ग से बढ़कर है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए किए गए शहीदों के बलिदान आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत है। शर्मा गुरूवार को डीग के सुंदरावली में शहीद जीतराम गुर्जर के प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम एवं किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलवामा में हुए हमले का भारतीय सेना के सैनिकों ने मुंहतोड़ जबाव दिया था। जबकि प्रदेश में पूर्ववर्ती सरकार ने शहीद वीरांगनाओं और उनके परिवार के साथ अपमानजनक व्यवहार किया। वहीं हमारी सरकार शहीद के परिवारों की हरसंभव मदद के लिए तैयार है।

    किसान हित के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी केन्द्र एवं राज्य सरकार किसान एवं गरीब वर्ग के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। किसान सम्मान निधि राशि 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 8 हजार रुपये की गई है। प्रदेश में गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के अन्तर्गत 5 लाख गोपालकों को 1 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने गेहूं के एमएसपी पर 125 रुपए बोनस प्रदान कर 2,400 रुपये करने, फसली ऋण वितरण योजनान्तर्गत 10 हजार करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसली ऋण उपलब्ध करवाने और 41 हजार 137 नवीन कृषकों को ऋण उपलब्ध करवाने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

    बिजली-पानी आपूर्ति राज्य सरकार की प्राथमिकता

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 90 दिनों में संकल्प पत्र के लगभग 45 प्रतिशत वादों को पूरा किया है। जबकि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में बिजली, पानी का संकट बना रहा तथा हर घर जल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन में भी गंभीर अनियमिताएं हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पानी, बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। । शर्मा ने कहा कि किसानों को बिजली बिलों में 8 हजार करोड़ रुपए का अनुदान एवं 50 हजार से अधिक किसानों के खेतों में सोलर पंप स्थापित करने की स्वीकृति जैसे महत्वपूर्ण निर्णय किए गये है।

    प्रदेश में बढे़गा ग्रीन कवर

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान के तहत 7 करोड़ पौधों में से 3 करोड़ आमजन को रियायती दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, 3 करोड़ राजकीय भूमि और 1 करोड़ ओरण एवं चारागाह भूमि पर लगाए जाएंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री शर्मा ने शहीद जीतराम गुर्जर की प्रतिमा का अनावरण किया तथा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही, मुख्यमंत्री ने 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन (सिकरी) का लोकार्पण किया। समारोह के दौरान ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म एवं विधायकगण सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here