जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के आखिरी चरण के मतदान के दौरान लोकतंत्र के इस महापर्व में कई जगहों पर हिंसा, झड़प और हंगामे की खबरें सामने आईं। फर्जी वोटिंग के आरोपों पर कई जगह दो पक्ष आपस में भिड़ गए, तो वहीं पथराव और मारपीट में कई लोग घायल भी हुए। खैरथल-तिजारा के मुंडावर स्थित काली पहाड़ी में तीन गांवों के लोग आमने-सामने आ गए, जबकि झुंझुनूं के खेतड़ी में पूर्व सरपंच पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इन तमाम अप्रिय घटनाओं के बावजूद अंतिम चरण की 3747 ग्राम पंचायतों में कुल 84.42 प्रतिशत भारी मतदान दर्ज किया गया।
फर्जी मतदान को लेकर हिंसक झड़पें और हमले
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को 116 पंचायत समितियों की 3747 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के लिए वोट डाले गए। इस दौरान जैसलमेर की खुहाड़ी पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 92.51 प्रतिशत और बालोतरा की सिवाणा पंचायत समिति में सबसे कम 72.35 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव के दौरान खैरथल-तिजारा के काली पहाड़ी गांव में सरपंच पद को लेकर तीन गांवों के ग्रामीण भिड़ गए। फर्जी वोटिंग के शक में शुरू हुआ विवाद पत्थरबाजी और मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बंसीराम गुर्जर को अलवर रेफर करना पड़ा। इसके अलावा झुंझुनूं के खेतड़ी में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी पर हमला कर दिया गया जिन्हें बाद में जयपुर रैफर किया गया। बारां के बापचा और जैसलमेर के पोकरण में भी चुनावी रंजिश और फर्जी मतदान को लेकर हंगामे की स्थिति बनी।
मतदान के दौरान बुजुर्ग की मौत और कर्मचारी को सीपीआर
मतदान प्रक्रिया के दौरान हादसों और स्वास्थ्य बिगड़ने की भी घटनाएं हुईं। बारां जिले की कुंभाखेड़ी पंचायत में वोट डालने पहुंचे 65 वर्षीय शिवनारायण कारपेंटर की अचानक तबीयत खराब होने से मौत हो गई। वहीं चूरू जिले के रिड़खला मतदान केंद्र पर चुनाव ड्यूटी में तैनात पोलिंग कर्मचारी रामकुमार अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिस जवान बनवारीलाल शर्मा ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें तुरंत सीपीआर दिया और निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आज जारी होंगे नतीजे और आगे की चुनावी प्रक्रिया
अतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद मंगलवार को निर्वाचित वार्ड पंच अपने उप सरपंच का चुनाव करेंगे। सरपंच और वार्ड पंच के तमाम नतीजे देर रात तक घोषित किए जाएंगे। इससे पहले जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोटिंग पूरी हो चुकी है, जिनकी मतगणना 20 नवंबर को एक साथ होगी। इसके तुरंत बाद 25 से 28 नवंबर के बीच जिला प्रमुख, प्रधान, उप जिला प्रमुख और उप प्रधान का निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।


