More
    Homeखेलभारत को यह गलती पड़ न जाए भारी!: ऐसा हुआ तो बिना...

    भारत को यह गलती पड़ न जाए भारी!: ऐसा हुआ तो बिना जीते भी सेमीफाइनल में पहुंचेगा वेस्टइंडीज, क्या हैं समीकरण?

    टी20 विश्वकप 2026 अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। सेमीफाइनल के लिए जंग रोमांचक हो चली है। भारत के जिम्बाब्वे को हराते ही दक्षिण अफ्रीका की टीम अंतिम-चार में पहुंच गई। वहीं, इंग्लैंड की टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। अब दो स्थानों के लिए जंग है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच एक मार्च को कोलकाता में नॉकआउट मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, दूसरे स्थान के लिए न्यूजीलैंड और पाकिस्तान में टक्कर है।अगर न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को इंग्लैंड को हरा दिया तो उनकी सीट पक्की हो जाएगी। वहीं, इस मैच में अगर इंग्लैंड जीता तो पाकिस्तान के लिए भी रास्ते खुल जाएंगे। फिर उन्हें एक तय मार्जिन से अपने आखिरी सुपर-8 मैच में श्रीलंका को हराना होगा। हालांकि, इन सबके बीच एक समीकरण ऐसा भी है, जिससे भारत को खतरा है। अगर ऐसा हुआ तो वेस्टइंडीज को भारत के खिलाफ जीत हासिल करने की जरूरत नहीं होगी, बिना जीते ही कैरिबियाई टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। आइए जानते हैं वह समीकरण कौन से हैं..

    भारत ने की बहुत बड़ी गलती

    दरअसल, भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में एक बहुत बड़ी गलती की। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टीम ने बल्लेबाजी तो सुधारी, लेकिन गेंदबाजी फींकी पड़ गई। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 256 रन बना दिए, लेकिन कागज पर कमजोर जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को भारतीय गेंदबाज जल्द से जल्द समेटने में कामयाब नहीं हो सके। भारत के 257 रन के लक्ष्य के जवाब में जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन बना डाले। टीम इंडिया ने यह मैच 72 रन से जरूर जीता, लेकिन नेट रन रेट अभी भी निगेटिव ही है। भारत -3.80 से -0.100 तक पहुंच पाया।

    सुपर 8 ग्रुप 1- अंक तालिका

    टीममैचजीतहारबेनतीजाअंकनेट रन रेट
    द. अफ्रीका (Q)22004+2.890
    वेस्टइंडीज21102+1.791
    भारत21102-0.100
    जिम्बाब्वे (E)20200-4.475

    भारत के पास नेट रन रेट बेहतर करने का मौका था

    यह एक ऐसा मैच या फिर यूं कहें 256 का स्कोर एक ऐसा स्कोर था, जहां भारत को अपना नेट रन रेट बेहतर करने का मौका था। अगर भारतीय टीम जिम्बाब्वे को जल्द से जल्द समेटती तो नेट रन रेट वेस्टइंडीज के आसपास करने का मौका था। ऐसा इसलिए क्योंकि दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी थी। इससे वेस्टइंडीज का नेट रन रेट +5.35 से गिरकर +1.791 हो गया। 100+ रन से जीत भारत को नेट रन रेट में वेस्टइंडीज के आसपास ले जा सकती थी। हम ऐसा क्यों कह रहे हैं, आइए जानते हैं…

    क्यों जल्दी न आउट करना चूक है?

    भारत ने शिवम दुबे से जबरदस्ती दो ओवर करवाए, जबकि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या के एक-एक ओवर बाकी थे। इन दो ओवरों में शिवम दुबे ने 46 रन खर्च कर दिए। उन्हें एक विकेट जरूर मिला, पर टीम मैनेजमेंट का यह फैसला समझ से परे था। जहां टीम इंडिया को रन रोकने थे, वहां जबरदस्ती रन लुटाए गए। अगर यही दो ओवर हार्दिक और बुमराह से कराए जाते तो हो सकता था कि सिर्फ 10-15 रन बनते और भारत की जीत 100+ रन की होती। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ।
    टीम इंडिया को इतने बड़े स्कोर के बाद जिम्बाब्वे पर दबाव बनाना चाहिए था, जैसा वेस्टइंडीज ने किया था और 254 के जवाब में 147 रन पर जिम्बाब्वे की पारी को समेट दिया था। तब वेस्टइंडीज ने 107 रन से जीत हासिल की थी और उनका नेट रन रेट +5.35 हो गया था। 110 या 120 रन से जीत भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के मौजूदा नेट रन रेट के करीब या उसके पार ले जा सकती थी। भारत और वेस्टइंडीज , दोनों के अंक फिलहाल दो-दो हैं। पर भारत से रणनीति में भारी चूक हो गई। अब भारत-वेस्टइंडीज नॉकआउट तो है, लेकिन इस नॉकआउट के साथ एक खतरा और है और वह खतरा है-बारिश से मैच धुलने का डर। क्या टीम मैनेजमेंट को इस बारे में नहीं सोचना चाहिए था?

    क्यों यह चूक पड़ सकती है भारी?

    यह तो तय है कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में एक मार्च को जो जितेगा, वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। पर अगर बारिश ने खलल डाला और मैच धुला तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा। बारिश से बाधित मैच में डकवर्थ लुईस नतीजे के लिए दोनों पारियों में कम से कम पांच-पांच ओवर का खेल जरूरी है। हालांकि, ऐसा संभव नहीं हो पाया और पूरे मैच में बारिश हुई और खेल नहीं हो पाया तो वेस्टइंडीज बेहतर नेट रन रेट के दम पर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगा। इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे भी नहीं है। वेस्टइंडीज को मैच खेलने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। दोनों टीमों को एक-एक अंक जरूर मिलेंगे, लेकिन नेट रन रेट नहीं बदलेगा और बेहतर नेट रन रेट के साथ वेस्टइंडीज दक्षिण अफ्रीका के साथ अंतिम-चार में पहुंच जाएगा। यह टीम इंडिया के लिए चिंताजनक है। ऐसे में भारतीय फैंस यही मना रहे होंगे कि मैच में बारिश न हो।

    क्या कोलकाता में बारिश की संभावना है?

    एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार एक मार्च को कोलकाता का मौसम साफ रह सकता है। दिन में बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं दिख रही है। हालांकि, रात में बारिश की दो प्रतिशत संभावना है। वहीं, 33 प्रतिशत बादल रहने की संभावना है। यह भारतीय फैंस के लिए अच्छी खबर है। फैंस यही मना रहे हैं कि पूरा मैच हो और भारत जीत के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करे। पर चिंता की बात तो यह है कि जब जिम्बाब्वे ने इतने रन बनाए हैं, तो वेस्टइंडीज के बल्लेबाज, जो इतने शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, वो क्या हश्र करेंगे। वेस्टइंडीज ने गुरुवार को 83 पर सात विकेट गिरने के बाद 176 रन बना दिए थे। टीम इंडिया के कोच और मैनेजमेंट को जल्द से जल्द रणनीति में बदलाव और गेंदबाजी में नए प्लान की जरूरत है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here