भारत करेगा एआई-इम्पैक्ट समिट की मेजबानी, 16–20 फरवरी 2026 को वैश्विक मंथन
नई दिल्ली। भारत 16 से 20 फरवरी 2026 तक AI-Impact Summit की मेजबानी करने जा रहा है। इस वैश्विक सम्मेलन में 100 से अधिक देशों की भागीदारी प्रस्तावित है, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की नीति, नवाचार, एथिक्स, सुरक्षा और ग्लोबल सहयोग जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
हालांकि इस बहुप्रतीक्षित समिट के लिए पाकिस्तान को आमंत्रित नहीं किया गया है, जिसे लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है। आधिकारिक तौर पर इसके कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। यह सम्मेलन तीन मूलभूत सूत्रों—People (लोग), Planet (पृथ्वी) और Progress (प्रगति) पर आधारित है। भारत का जोर जिम्मेदार, सुरक्षित और मानव-केंद्रित एआई विकास को बढ़ावा देने पर रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत निमंत्रण पर कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख इसमें शामिल होंगे। यूरोप, अमेरिका, एशिया-प्रशांत, अफ्रीका और खाड़ी देशों से शीर्ष नेता एआई के भविष्य, वैश्विक मानकों और सहयोग की दिशा पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके अलावा 45 से अधिक देशों से मंत्री-स्तरीय प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी तय है, जिससे यह सम्मेलन एक व्यापक वैश्विक मंच का रूप लेगा। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव और कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों के भी शामिल होने की संभावना है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, समिट में भाग लेने वाले देशों का चयन रणनीतिक और नीतिगत मानकों के आधार पर किया गया है। भारत उन देशों के साथ सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहा है जो जिम्मेदार और सुरक्षित एआई के साझा दृष्टिकोण का समर्थन करते हैं। समिट के दौरान मंत्रिस्तरीय सत्र, विशेषज्ञ पैनल, स्टार्टअप शोकेस और द्विपक्षीय बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल तकनीकी प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि नीति-निर्माण, निवेश, स्टार्टअप इकोसिस्टम और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर ठोस सहयोग स्थापित करना है।
यह सम्मेलन स्वास्थ्य, शिक्षा, जलवायु परिवर्तन और आर्थिक विकास जैसी वैश्विक चुनौतियों के समाधान में एआई की भूमिका को रेखांकित करेगा और भारत को वैश्विक तकनीकी नेतृत्व के केंद्र में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


