More
    Homeराजस्थानजयपुरकरीब तीन दशक बाद सिपाही को न्याय, सरकार पर लगा 20 लाख...

    करीब तीन दशक बाद सिपाही को न्याय, सरकार पर लगा 20 लाख रुपये मुआवजे का आदेश

    जोधपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय ने नागौर पुलिस के बर्खास्त सिपाही शैताना राम को बड़ी राहत प्रदान की है। हाईकोर्ट की खंडपीठ ने उनकी बर्खास्तगी का आदेश खारिज करते हुए राज्य सरकार को तीन माह के भीतर 20 लाख रुपये का एकमुश्त मुआवजा प्रदान करने का आदेश दिया है। निर्धारित अवधि में राशि का भुगतान न होने पर सरकार को छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी अदा करना होगा।

    एक ही आदेश में अवकाश की स्वीकृति और बर्खास्तगी पर अदालत की टिप्पणी

    न्यायमूर्ति विनीत कुमार माथुर और न्यायमूर्ति संदीप शाह की युगलपीठ ने सात जनवरी 1998 को पारित बर्खास्तगी आदेश को त्रुटिपूर्ण ठहराया। न्यायालय ने कहा कि एक ही आदेश के जरिए कर्मचारी की गैरहाजिरी को बिना वेतन वाले असाधारण अवकाश के रूप में स्वीकार कर नियमित करना और फिर उसी समयावधि के आधार पर उसे सेवा से हटा देना न्यायसंगत नहीं है। उच्च न्यायालय ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णयों का संदर्भ देते हुए साफ किया कि जब किसी कर्मी की अनुपस्थिति को अवकाश के तौर पर नियमित कर दिया जाता है, तो उसी समय को कदाचार का आधार नहीं ठहराया जा सकता। अदालत ने इसी तर्क के आधार पर शैताना राम की बर्खास्तगी के आदेश को निरस्त कर दिया।

    भाई की हत्या के प्रकरण में गिरफ्तारी और विभागीय कार्रवाई

    शैताना राम वर्ष 1990 में नागौर पुलिस में कांस्टेबल पद पर भर्ती हुए थे। वे 19 फरवरी 1996 को बिना स्वीकृति के ड्यूटी से नदारद हो गए थे और इसी बीच एक मार्च 1996 को उनके गांव में उनके भाई बस्ती राम की हत्या कर दी गई। इस प्रकरण में शैताना राम को 15 अप्रैल 1996 को गिरफ्तार किया गया था, हालांकि बाद में विचारण न्यायालय ने संदेह का लाभ देते हुए उन्हें दोषमुक्त कर दिया था। विभागीय जांच में अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने यह स्वीकार किया था कि 15 अप्रैल 1996 के बाद जेल में निरुद्ध रहने के कारण उनकी अनुपस्थिति जानबूझकर नहीं थी, लेकिन उससे पूर्व के 56 दिनों की गैरहाजिरी को आधार बनाकर सात जनवरी 1998 को उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। उल्लेखनीय है कि उसी आदेश में इन 56 दिनों को असाधारण अवकाश के रूप में नियमित भी किया गया था।

    लंबे समय बाद बहाली व्यावहारिक नहीं, 20 लाख रुपये मुआवजे का निर्देश

    बर्खास्तगी के विरुद्ध शैताना राम ने पहले उच्च न्यायालय की एकलपीठ में याचिका दायर की थी, लेकिन वहां से उन्हें राहत नहीं मिल सकी थी। इसके पश्चात उन्होंने खंडपीठ के समक्ष अपील की। खंडपीठ ने कहा कि शैताना राम 28 वर्ष से अधिक समय से पुलिस सेवा से बाहर हैं और इतने लंबे अंतराल के बाद उन्हें पुनः सेवा में बहाल करना व्यावहारिक नहीं होगा। इसी कारण न्यायालय ने बहाली के स्थान पर 20 लाख रुपये का एकमुश्त मुआवजा देने का निर्देश दिया है, जिसे सरकार को तीन महीने के भीतर चुकाना होगा और विलंब की स्थिति में छह प्रतिशत सालाना ब्याज भी देना होगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here