मुंबई। मुंबई पुलिस की बांगुरनगर थाना टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मालाड और गोरेगांव इलाके में छापेमारी कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े एक बड़े ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया है, जिसमें फ्रीलांस मेकअप आर्टिस्ट समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोकीन बरामद की गई है, जिसकी अवैध बाजार में कुल कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।
गोरेगांव लिंक रोड पर संदिग्ध गतिविधियों से खुला राज़
मुंबई पुलिस के अनुसार, एंटी-नारकोटिक्स सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गोरेगांव लिंक रोड स्थित शिवम सोसायटी के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो पूछताछ करने पर भागने की कोशिश करने लगा। सतर्क जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के मूल निवासी और हाल ही में मालाड के मढ़ विलेज स्थित मामू गल्ली में रहने वाले 31 वर्षीय फूलचंद ईश्वरदयाल कश्यप के रूप में हुई, जो पेशे से फ्रीलांस मेकअप आर्टिस्ट है। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 ग्राम कोकीन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
घर के मचान पर छिपाकर रखा गया था कोकीन का जखीरा
कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने आवास पर भी नशीले पदार्थों का बड़ा स्टॉक छिपा रखा है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मालाड के मढ़ विलेज स्थित जरी-मारी माता मंदिर मार्ग के पास उसके घर पर छापा मारा। घर की सघन तलाशी के दौरान ऊपरी हिस्से यानी मचान (पोटमाले) पर छिपाकर रखे गए कोकीन के पैकेट हाथ लगे। पुलिस ने घर से 672 ग्राम कोकीन और बरामद अन्य सामान समेत कुल लगभग 3 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त किया। मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने इस सिंडिकेट में शामिल उसके साथी मुजाहिद अली को भी धर दबोचा। बोरीवली स्थित अदालत ने मुख्य आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया है, जबकि दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।
ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और तस्करी के स्रोतों की तलाश
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी कम समय में अधिक पैसा कमाने की लालच में इस अवैध धंधे में उतर गया था। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोकीन की यह खेप उसे कहां से और किसने सप्लाई की थी तथा इस नेटवर्क के तार मुंबई के किन-किन अन्य तस्करों से जुड़े हैं। पुलिस एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर इस रैकेट में संलिप्त अन्य संदिग्धों की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।


