More
    Homeदुनियाअमेरिका में सुरक्षा में बड़ी चूक, शख्स ने सैन्य विमान को पहुंचाया...

    अमेरिका में सुरक्षा में बड़ी चूक, शख्स ने सैन्य विमान को पहुंचाया भारी नुकसान

    वॉशिंगटन। अमेरिकी सेना के एक सैन्य विमान को भारी नुकसान पहुंचाने के मामले में एक आयरिश नागरिक पर अमेरिका में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सरकारी वकील के मुताबिक, 48 वर्षीय दाइथी ओ’कोरैन ने आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर खड़े करीब 60 मिलियन डॉलर (लगभग 5.6 अरब रुपये) के अमेरिकी सैन्य विमान में कुल्हाड़ी, केमिकल और अन्य औजारों की मदद से बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की। इस तोड़फोड़ के बाद विमान उड़ने लायक नहीं रहा और उसे हमेशा के लिए सेवा से बाहर कर दिया गया है। मैनहट्टन की अदालत में ओ’कोरैन पर अमेरिकी सरकारी संपत्ति को नष्ट करने का आरोप लगाया गया है। दोषी पाए जाने पर उसे अधिकतम 10 साल की जेल हो सकती है। यह घटना 11 अप्रैल की बताई गई है। अमेरिकी वकीलों के अनुसार, ओ’कोरैन ने सुबह करीब 4:40 बजे शैनन एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को पार कर अमेरिकी एयर नेशनल गार्ड के सी-130 हरक्यूलिस विमान में प्रवेश किया। यह विमान सैन्य मिशन के लिए किसी दूसरे देश जाने वाला था। आरोप है कि विमान में घुसने के लिए उसने पहले उसके लॉकिंग सिस्टम को नुकसान पहुंचाया और फिर खुद को अंदर बंद कर लिया। उसने दरवाजों को खुलने से रोकने के लिए स्ट्रैप, ब्रैकेट और स्क्रू का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, दरवाजों की पटरी में एपॉक्सी और बॉल बेयरिंग डालकर उन्हें जाम कर दिया।

     

    विमान के कई हिस्सों और प्रणालियों में की गई तोड़फोड़

    अभियोजन पक्ष के मुताबिक, आरोपी ने कई घंटों तक विमान के अलग-अलग हिस्सों को निशाना बनाया। उसने बिजली के तारों के बंडल काट दिए, हाइड्रोलिक लाइनों को खराब किया और लिक्विड ऑक्सीजन लाइन को दबाकर नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा विमान की एयर डक्ट में छेद किए और कॉकपिट में लगे सभी गेज तोड़ दिए। विमान के बाहरी हिस्से पर कुल्हाड़ी से वार किए गए और फ्यूल टैंक में भी कुछ सामान व पदार्थ, जिनमें बॉल बेयरिंग भी शामिल थीं, डाल दिए। अमेरिकी वकीलों का कहना है कि इस तोड़फोड़ के कारण विमान पूरी तरह उड़ने के काबिल नहीं बचा और अब इसे दोबारा सेवा में नहीं लिया जाएगा।

    महीनों पहले से तैयारी और मौके पर गिरफ्तारी

    अमेरिकी अभियोजकों का दावा है कि ओ’कोरैन ने इस घटना को अचानक अंजाम नहीं दिया, बल्कि इसकी कई महीने पहले से तैयारी कर रहा था। उसने इंटरनेट पर सी-130 विमान की बनावट और एयरपोर्ट परिसर में बिना पकड़े घुसने के रास्तों की जानकारी ढूंढी थी। उसने एक सैन्य विमान ट्रैकिंग ऐप की सदस्यता भी ली थी और गैलियम के कैप्सूल मंगवाए थे, जो धातु को खराब और कमजोर कर सकता है। आरोप के मुताबिक, विमान का क्रू सुबह करीब 9:40 बजे वापस लौटा, तो उन्होंने कॉकपिट की खुली विंडशील्ड से आरोपी को अंदर देखा। क्रू सदस्यों ने उसे विमान की छत पर कुल्हाड़ी से मारते हुए भी देखा। इसके बाद आयरलैंड की पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया। आयरलैंड में भी उस पर नुकसान पहुंचाने और बिना अनुमति घुसने के आरोप लगाए गए थे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here