More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशजबलपुर में 1 नवंबर को खेल का बड़ा आयोजन, सूर्या हाफ मैराथन...

    जबलपुर में 1 नवंबर को खेल का बड़ा आयोजन, सूर्या हाफ मैराथन की ट्रायल दौड़ में जुटेंगे 1000 रनर्स

    जबलपुर। संस्कारधानी के नाम से विख्यात जबलपुर शहर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, खेल भावना, स्वच्छता और अनुशासन का संदेश प्रसारित करने के लिए भारतीय सेना द्वारा नगर निगम जबलपुर के साथ मिलकर भव्य ‘सूर्या हाफ मैराथन’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य प्रतियोगिता के सुचारू संचालन से पूर्व, तमाम व्यवस्थाओं का परीक्षण करने और शहर के नागरिकों में जोश भरने के उद्देश्य से आगामी 1 नवंबर को एक विशेष ट्रायल दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस पूर्वाभ्यास दौड़ का शुभारंभ प्रातः 6 बजे राइट टाउन स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम से किया जाएगा, जिसमें लगभग एक हजार धावक हिस्सा लेकर स्वच्छता, अनुशासन और तंदुरुस्ती का संदेश देंगे।

    22 नवंबर को होगा मुख्य सूर्या हाफ मैराथन का आयोजन

    ट्रायल दौड़ के सफल परीक्षण के उपरांत आगामी 22 नवंबर को मुख्य ‘सूर्या हाफ मैराथन’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस विशाल खेल स्पर्धा में दस हजार से अधिक धावकों के शामिल होने की प्रबल संभावना है। यह आयोजन न केवल स्थानीय युवाओं को खेलों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करेगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर जबलपुर से स्वच्छता, एकता और अनुशासन का एक अनूठा और सकारात्मक संदेश भी देश भर में पहु पहुँचाएगा।

    महापौर की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

    इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में भारतीय सेना की ओर से कर्नल सी.एस. मैनी, यातायात विभाग से डी.एस.पी. शुक्ला, नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा और कार्यालय अधीक्षक दिलीप दुबे सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान धावकों की पुख्ता सुरक्षा, आपातकालीन मेडिकल बैकअप, पेयजल की सुचारू व्यवस्था और यातायात प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

    ट्रायल दौड़ का निर्धारित रूट और मार्ग विवरण

    प्रस्तावित ट्रायल दौड़ की शुरुआत पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम से होगी। यहाँ से सभी धावक अशोका होटल चौक, तीनपत्ती चौक, महाराणा प्रताप चौक, नौदरा ब्रिज, रसल चौक, जबलपुर हॉस्पिटल, ब्लूम चौक, नवभारत प्रेस, पंकज होटल और गौमाता चौक से होते हुए वापस अशोका होटल के रास्ते से होते हुए पुनः पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम पहुँचेंगे, जहाँ इस ट्रायल दौड़ का समापन किया जाएगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here