More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़सिलतरा पुलिस की बड़ी सफलता, 8 साल से फरार आरोपी को दो...

    सिलतरा पुलिस की बड़ी सफलता, 8 साल से फरार आरोपी को दो मामलों में पकड़ा

    रायपुर: रायपुर ग्रामीण पुलिस को लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। आरोपी पिछले 7 से 8 वर्षों से पुलिस को चकमा देकर अपना ठिकाना बदल रहा था। सिलतरा पुलिस ने पुराने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए तकनीकी और मैदानी इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

    झारखंड का रहने वाला है आरोपी सैय्यद जिसान अहमद

    पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सैय्यद जिसान अहमद उर्फ मिंटू (34), निवासी ग्राम पकरिया, थाना पांकी, जिला पलामू (झारखंड) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2018 और 2019 में धरसींवा थाने में दो अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनकी विवेचना वर्तमान में सिलतरा पुलिस द्वारा धारा 173(8) सीआरपीसी के तहत की जा रही थी।

    कोयला हेराफेरी और स्पंज आयरन चोरी का आरोप

    पहला मामला (अपराध क्रमांक 480/2018) ट्रेलर के जरिए कोयले के परिवहन के दौरान साठगांठ कर चोरी और हेराफेरी से जुड़ा था, जिसमें धारा 407, 420 और 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया था। वहीं दूसरा मामला (अपराध क्रमांक 373/2019) जोरावर इंजीनियरिंग के लिए स्पंज आयरन ले जा रहे वाहन में माल की कमी और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित था, जिसमें धारा 379, 411, 407 और 120-बी भादवि के तहत केस दर्ज था।

    समीक्षा और तकनीकी निगरानी से मिली सफलता

    वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिलतरा पुलिस ने पुराने पेंडिंग मामलों और फरार स्थायी वारंटियों की समीक्षा शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी के रिकॉर्ड और संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रखी। सटीक तकनीकी इनपुट मिलने के बाद टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    न्यायालय ने भेजा जेल

    गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here