More
    Homeराज्यबिहारनालंदा को मिलेगी नई सौगातें, सीएम नीतीश करेंगे विकास योजनाओं की शुरुआत

    नालंदा को मिलेगी नई सौगातें, सीएम नीतीश करेंगे विकास योजनाओं की शुरुआत

    बिहार : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज मंगलवार को नालंदा जिले के राजगीर में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। वे हवाई मार्ग से अपराह्न 3:30 बजे राजगीर पहुंचेंगे। उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान एशिया अंडर-20 रग्बी सेवेंस चैम्पियनशिप की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे।

    कार्यक्रम की शुरुआत बेलौवा गांव के निकट होने वाले समारोह से होगी, जहां मुख्यमंत्री 862 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सालेपुर–नूरसराय–अहियापुर–सिलाव–राजगीर फोरलेन हाईवे परियोजना का शिलान्यास करेंगे। साथ ही, वे 81 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजगीर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन भी करेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस फोरलेन के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और पर्यटकों व खिलाड़ियों के लिए राजगीर तक पहुंचना आसान होगा।

    आरओबी के उद्घाटन से मिलेगी बड़ी राहत
    मुख्यमंत्री शिलान्यास के बाद बिहारशरीफ–राजगीर मार्ग पर बने आरओबी का उद्घाटन करेंगे। इसके चालू हो जाने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। उद्घाटन के साथ ही पुल आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री राजगीर खेल परिसर पहुंचकर 8 से 10 अगस्त तक आयोजित होने वाली एशिया अंडर-20 रग्बी सेवेंस चैम्पियनशिप की तैयारियों का जायजा लेंगे। भारत की महिला व पुरुष टीमें पहले से ही राजगीर पहुंच चुकी हैं, जबकि अन्य देशों की टीमें 7 अगस्त को पहुंचेंगी।खेल विभाग के अनुसार, 8 अगस्त को भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जबकि मुख्य प्रतियोगिताएं 9 और 10 अगस्त को होंगी। मुख्यमंत्री खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें प्रोत्साहित भी करेंगे।

    रॉयल भूटान मॉनेस्ट्री का निरीक्षण करेंगे
    आज के कार्यक्रम में एक अन्य प्रमुख बिंदु रॉयल भूटान मॉनेस्ट्री का निरीक्षण भी शामिल है। यह मॉनेस्ट्री हॉकी मैदान के पीछे वैतरणी नदी के तट पर स्थित है और भूटान सरकार के सहयोग से बन रही है। वर्ष 2009 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस परियोजना के लिए भूटान सरकार को ढाई एकड़ भूमि दान में दी थी। 2018 में उन्होंने स्वयं इस परियोजना का शिलान्यास किया था। उस समय हजारों भूटानी नागरिकों के साथ भूटान की महारानी और धार्मिक गुरु खेनपो भी उपस्थित थे।

    दिसंबर में हो सकता है उद्घाटन
    मॉनेस्ट्री में भगवान बुद्ध की 70 फीट ऊंची मंदिर संरचना के भीतर 10 फीट की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके चारों कोनों पर भूटान के चार संरक्षकों की मूर्तियां भी लगाई गई हैं। दो गेस्ट हाउसों में कुल 74 कमरे और डॉर्मिटरी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इसके औपचारिक उद्घाटन की संभावना दिसंबर 2025 में जताई जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here