यमकेश्वर। कस्याली सब स्टेशन में पांच एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित होने से क्षेत्र के करीब 140 गांवों के ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या से बड़ी राहत मिली है। इससे पहले विशेष रूप से रात के समय उपभोक्ताओं को बिजली की भारी किल्लत झेलनी पड़ती थी।
सात हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर बिजली
सब स्टेशन में पहले केवल तीन एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण लगभग सात हजार विद्युत उपभोक्ता कम वोल्टेज की समस्या से परेशान थे। ऊर्जा निगम द्वारा क्षमता बढ़ाकर पांच एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने से अब सभी संबंधित गांवों में बिजली की आपूर्ति में सुधार आया है।
पेयजल पंपिंग योजनाओं का संचालन हुआ सुचारू
लो-वोल्टेज की समस्या दूर होने से यमकेश्वर क्षेत्र की पेयजल पंपिंग योजनाओं को भी नया जीवन मिला है। कस्याली सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाली चार प्रमुख पेयजल पंपिंग योजनाओं की मोटरें कम वोल्टेज के कारण लगातार नहीं चल पाती थीं, जिससे जलापूर्ति बाधित होती थी। नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद अब पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है, जिससे ग्रामीणों को पानी के संकट से मुक्ति मिली है।


