भोपाल। बिड़ला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, भोपाल में आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी-2026 के अवसर पर बिड़ला ओपन माइंड्स के प्रबंध निदेशक निर्वाण बिड़ला ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को नेतृत्व, नवाचार और जिम्मेदारी का संदेश दिया। उनके आगमन से विद्यालय परिसर उत्साह और प्रेरणा से भर उठा।
समारोह के दौरान निर्वाण बिड़ला ने नव-निर्वाचित स्टूडेंट काउंसिल के सदस्यों को बैज एवं सैश पहनाकर उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि सेवा, ईमानदारी, अनुशासन और उत्तरदायित्व का दायित्व है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे विनम्रता के साथ नेतृत्व करते हुए हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का प्रयास करें।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में निर्वाण बिड़ला ने कहा कि बिड़ला ओपन माइंड्स का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना भी है। उन्होंने नवाचार, अनुभवात्मक शिक्षा (एक्सपीरिएंशियल लर्निंग) तथा वैश्विक शैक्षणिक मानकों पर आधारित शिक्षा प्रणाली को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि आज के विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और नैतिक मूल्यों का विकास अत्यंत आवश्यक है।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने नेतृत्व, उद्यमिता, आत्मविश्वास, संघर्ष और व्यक्तिगत विकास से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए तथा अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
निर्वाण बिड़ला ने विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रशासनिक टीम से भी मुलाकात कर उनकी प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
विद्यालय के चेयरमैन राकेश मलिक, चेयरपर्सन अंजू मलिक तथा हेड ऑफ स्कूल गीता छाबड़ा ने कहा कि निर्वाण बिड़ला का यह दौरा विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उनके प्रेरक विचारों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को नई ऊर्जा प्रदान की है तथा विद्यालय के भविष्य-केंद्रित, मूल्यपरक और समग्र शिक्षा के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ किया है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


