फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर कोर्ट कॉम्प्लेक्स को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। यह धमकी भरा संदेश सीधे सेशन जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे कोर्ट कॉम्प्लेक्स को खाली करवा लिया गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और परिसर के चप्पे-चप्पे पर विस्फोटक सामग्री की तलाश के लिए गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। एहतियात के तौर पर दोपहर एक बजे तक कोर्ट का कामकाज पूरी तरह से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। स्थानीय वकीलों के अनुसार, फिरोजपुर कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी दो बार इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस और बम निरोधक दस्ता पूरे परिसर की बारीकी से जांच-पड़ताल करने में जुटे हुए हैं।


