More
    Homeदेशइमारत हादसे में 7 लोगों की मौत से हड़कंप, एलजी ने बुलाई...

    इमारत हादसे में 7 लोगों की मौत से हड़कंप, एलजी ने बुलाई हाईलेवल बैठक

    नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में दर्दनाक हादसे का शिकार हुई पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढहने के मामले में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। राहत व बचाव कार्य अंतिम चरण में है, जिसमें अब तक 12 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। घटना के बाद से ही मकान मालिक हरिराम बंसल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है।

    मकान मालिक पर 10 टीमें गठित, तीन राज्यों में छापेमारी

    फरार मकान मालिक हरिराम बंसल को दबोचने के लिए दिल्ली पुलिस ने 10 विशेष टीमें गठित की हैं, जिनमें लोकल पुलिस, स्पेशल स्टाफ और अन्य ऑपरेशनल यूनिट्स के जवान शामिल हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (Addl. DCP) स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में यह टीमें दिल्ली, हरियाणा (गुरुग्राम) और उत्तर प्रदेश में संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। बंसल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

    एलजी और सीएम की हाई-लेवल बैठक आज

    हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू ने आज एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली नगर निगम (MCD) और दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में दिल्ली में अवैध निर्माण, जर्जर इमारतों और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सख्त कदम उठाए जाने की संभावना है।

    मामला पहुंचा दिल्ली हाईकोर्ट, जनहित याचिका पर सुनवाई आज

    सत्य निकेतन हादसे की गूंज अब अदालती गलियारों में भी सुनाई दे रही है। घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ इस मामले पर आज ही तत्काल सुनवाई करने के लिए सहमत हो गई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here