More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशमहापौर के बंगले पर बेशर्म के फूल लेकर पहुंचे लोग, बोले- स्वच्छता...

    महापौर के बंगले पर बेशर्म के फूल लेकर पहुंचे लोग, बोले- स्वच्छता के दावों का क्या हुआ?

    भोपाल। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 की सूची में राजधानी का नाम शामिल न होने पर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन और महापौर मालती राय के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। विरोध स्वरूप कांग्रेसजन तुलसी नगर स्थित निगम मुख्यालय पर बेशर्म के फूलों का गुलदस्ता लेकर पहुंचे, जिन्हें सुरक्षाबलों ने मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक नोकझोंक भी देखने को मिली। हाथों में तख्तियां थामे कार्यकर्ताओं ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही और निगम में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए महापौर से इस्तीफे की मांग की।

    मुख्यालय के बाहर हंगामा और पुलिस से बहस

    निगम दफ्तर के सामने जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महापौर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण और गांधीवादी तरीके से अपना विरोध दर्ज कराते हुए महापौर को बेशर्म के फूल भेंट करना चाहते हैं, लेकिन पुलिस ने उन्हें भीतर प्रवेश नहीं करने दिया। इसके बाद कार्यकर्ता मौके पर किसी जिम्मेदार अधिकारी और दक्षिण-पश्चिम जोन के डिप्टी कमिश्नर को बुलाने की मांग पर अड़ गए। लंबे समय तक चली समझाइश और चर्चा के बावजूद गुलदस्ता सौंपने को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई।

    करोड़ों के खर्च और सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

    प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता मोनू सक्सेना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजधानी होने के नाते शहरवासी निगम को हर तरह का टैक्स चुकाते हैं, फिर भी स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर का पिछड़ जाना बेहद निराशाजनक है। सक्सेना ने आरोप लगाया कि सर्वेक्षण की तैयारियों के नाम पर करोड़ों रुपये की राशि फूंकी जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था बदहाल है। उन्होंने फूलों की खरीदी प्रक्रिया और निगम के कामकाज में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए।

    बंगले के घेराव की दी चेतावनी

    महापौर मालती राय और सत्तापक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने नैतिकता के आधार पर महापौर का इस्तीफा मांगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को आगाह किया कि यदि उनका यह प्रतीकात्मक गुलदस्ता महापौर तक नहीं पहुंचाया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि फिलहाल यह केवल एक सांकेतिक प्रदर्शन है, लेकिन यदि अधिकारियों और महापौर से मुलाकात नहीं कराई गई तो वे शुक्रवार सुबह सीधे महापौर आवास पहुंचकर बेशर्म के फूल भेंट करेंगे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here