More
    Homeराजस्थानजयपुरराजस्थान में तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ के बाद डोडा पोस्त...

    राजस्थान में तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ के बाद डोडा पोस्त की बड़ी खेप बरामद

    पाली। राजस्थान के पाली जिले के रानी थाना अंतर्गत नाडोल क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और मादक पदार्थ तस्करों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई। नाकेबंदी के दौरान खुद को घिरता देख तस्करों ने पुलिस बल पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी गोलीबारी में एक शातिर तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक अन्य साथी को पुलिस ने घेराबंदी करके मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस प्रशासन को पहले ही गोपनीय सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध गाड़ियों के जरिए भारी मात्रा में डोडा पोस्त की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है, जिसके बाद रानी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाडोल के पास जाल बिछाया था।

    पुलिस की जवाबी फायरिंग में बाड़मेर का तस्कर जख्मी

    तड़के जब पुलिस टीम ने सामने से आ रहे संदिग्ध वाहनों को रुकने का संकेत दिया, तो तस्करों ने रफ्तार बढ़ाने के साथ ही पुलिस पर पिस्तौल से फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में बाड़मेर के रहने वाले खेताराम नामक तस्कर के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल में दाखिल कराया है, जहां उसकी स्थिति नियंत्रण में है। इसके साथ ही मौके से उसके दूसरे साथी भैराराम, जो कि बाड़मेर का ही निवासी है, को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

    डोडा पोस्त से लदी स्कॉर्पियो जब्त, दूसरी गाड़ी फरार

    मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से तस्करों की एक स्कॉर्पियो गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है, जो पूरी तरह से अवैध डोडा पोस्त के कट्टों से भरी हुई थी। शुरुआती जांच के मुताबिक इस वाहन में लाखों रुपये कीमत का मादक पदार्थ मौजूद था। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई के दौरान तस्करों का दूसरा वाहन अंधेरे का फायदा उठाते हुए पुलिस को चकमा देकर वहां से भागने में सफल रहा। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पाली के साथ-साथ पड़ोसी जिलों जालौर और सिरोही की सीमाओं पर भी कड़ी नाकेबंदी लागू कर दी गई है।

    वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, तलाश जारी

    इस दुस्साहसिक वारदात की जानकारी मिलते ही बाली के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) पारस चौधरी फौरन दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पाली पुलिस अधीक्षक (एसपी) मोनिका सेन भी खुद मौके के लिए रवाना हुईं। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस पूरे ड्रग तस्करी नेटवर्क को खंगालने का प्रयास किया जा रहा है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here