More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशस्वास्थ्य मानकों में सुधार के लिए क्यूरेटिव स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ प्रिवेंटिव...

    स्वास्थ्य मानकों में सुधार के लिए क्यूरेटिव स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ प्रिवेंटिव मेडिकल केयर की अहम भूमिका : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

    भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के सामुदायिक चिकित्सा विभाग अंतर्गत संचालित लेडी भोर शहरी स्वास्थ्य एवं प्रशिक्षण केन्द्र के नवीनीकरण एवं सुसज्जिकरण कार्य का लोकार्पण किया। यह केन्द्र सुप्रसिद्ध समाजसेवी मार्गरेट स्टॉट भोर के नाम पर स्थापित है तथा विगत 50 वर्षों से अधिक समय से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, प्रसव पूर्व-पश्चात देखभाल एवं टीकाकरण सेवाएं प्रदान कर रहा है। केन्द्र का नवीनीकरण स्व. डॉ. विनिता जैन की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा लगभग 20 लाख रुपये के आर्थिक सहयोग से किया गया। स्व. डॉ. विनिता जैन ने इस केन्द्र में लगभग 30 वर्षों तक समर्पित सेवाएं दी थीं। यह योगदान उनके पति डॉ. एस.सी. जैन एवं परिजनों द्वारा प्रदान किया गया।

    उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य मानकों में सुधार के लिए क्यूरेटिव स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ प्रिवेंटिव मेडिकल केयर अहम है। इस दिशा में लेडी भोर शहरी स्वास्थ्य एवं प्रशिक्षण केंद्र ने वर्षों से महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। इस संस्थान को और सुदृढ़ एवं सशक्त किया जाएगा। उन्होंने चिकित्सकों की आवश्यकतानुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने डॉ. एस.सी. जैन का समाज सेवा के कार्य में सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।

    उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने केन्द्र का अवलोकन कर कार्य की सराहना की और कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को बेहतर बनाने में इस प्रकार की पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही केन्द्र में शिशु रोग विशेषज्ञ एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की पदस्थापना की जाएगी, जिससे आमजन को विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ मिल सके। संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक हमीदिया चिकित्सालय डॉ. सुनीत टंडन सहित गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के वरिष्ठ चिकित्सक, एलुमनाई सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दानदाता परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here