RAHA की चेतावनी: भुगतान नहीं मिला तो आरजीएसएस के तहत प्राइवेट अस्पतालों में दवा बंद
अलवर। राजस्थान में आरजीएचएस (राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) के तहत निजी अस्पतालों को लंबित भुगतान का मुद्दा अब गहराता जा रहा है। डॉक्टरों और निजी अस्पतालों के संगठन RAHA (Rajasthan Alliance of Healthcare Associations) ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बकाया राशि का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया, तो अलवर जिले में 3 अप्रैल से आरजीएसएस के तहत ओपीडी के तहत दवा देना बंद कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि राजधानी जयपुर में इसी मुद्दे को लेकर निजी अस्पताल 25 मार्च से ही आरजीएसएस योजना के अंतर्गत ओपीडी सेवाएं बंद कर चुके हैं। अब इसका असर अन्य जिलों में भी दिखाई देने लगा है। अलवर में RAHA से जुड़े अस्पताल संचालकों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी समस्याओं से अवगत कराया है।
संगठन का कहना है कि पिछले करीब आठ महीनों से अस्पतालों को सरकार की ओर से कोई भुगतान नहीं मिला है। लगातार बढ़ते खर्च, स्टाफ वेतन, दवाइयों और उपकरणों की लागत के बीच अस्पतालों के लिए सेवाएं जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है। RAHA ने कहा कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को इस बारे में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
RAHA के पदाधिकारियों के अनुसार, यदि जल्द ही बकाया भुगतान जारी नहीं किया गया तो 3 अप्रैल से जिले के निजी अस्पताल आरजीएसएस योजना के तहत ओपीडी के तहत मिलने वाली निशुल्क दवाएं बंद की जाएगी।
इस संभावित निर्णय से सबसे अधिक परेशानी उन मरीजों को होगी, जो इस सरकारी योजना के तहत इलाज पर निर्भर हैं। ओपीडी सेवाएं बंद होने की स्थिति में मरीजों को या तो सरकारी अस्पतालों में लंबी कतारों का सामना करना पड़ेगा या फिर निजी खर्च पर इलाज कराना पड़ेगा।
RAHA ने सरकार से मांग की है कि मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए तत्काल लंबित भुगतान जारी किया जाए। अब देखना यह होगा कि सरकार इस चेतावनी पर क्या रुख अपनाती है और स्थिति को संभालने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


