More
    Homeराजस्थानजयपुरराजस्थान में बारिश का कहर: दिल्ली-गुजरात हाईवे पर जलभराव, पुलिया बही, कई...

    राजस्थान में बारिश का कहर: दिल्ली-गुजरात हाईवे पर जलभराव, पुलिया बही, कई मार्ग हुए अवरुद्ध 

    जयपुर। राजस्थान में मानसून की दस्तक के साथ ही तेज बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रदेश के जालोर, सिरोही, जोधपुर, भीलवाड़ा समेत कई ज़िलों में शनिवार से लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदियां उफान पर हैं, पुल-पुलियाएं बह चुकी हैं और अनेक मार्ग अवरुद्ध हो चुके हैं। 
    सिरोही जिले में दिल्ली-गुजरात नेशनल हाईवे पर पानी भरने से दिल्ली से कांडला (गुजरात) जाने वाला मार्ग प्रभावित हुआ है। रेवदर-आबूरोड मार्ग पर मूंगथला के पास पुलिया बह गई, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। भीलवाड़ा में कोठारी नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिससे वहां भी यातायात रोक दिया गया है। 

    जोधपुर में हादसा, 3 की मौत
    जोधपुर में तेज बारिश के दौरान एक कार नाले में गिर गई, जिसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब कार पुलिया की रपटे पर भरे पानी से निकलते हुए फिसल गई। 

    भीलवाड़ा में 7 इंच बारिश
    भीलवाड़ा में शनिवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक 175 मिमी (7 इंच) बारिश दर्ज की गई। जालोर, सिरोही, पाली, जोधपुर, राजसमंद में भी 3 इंच तक पानी गिरा। पाली में बारिश के दौरान एक मकान की बालकनी पर पेड़ गिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इसी के साथ मौसम केंद्र, जयपुर ने रविवार के लिए प्रदेश के 30 जिलों में अलर्ट जारी किया है। 

    ऑरेंज अलर्ट: भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर
    येलो अलर्ट: जयपुर, अजमेर, अलवर, सीकर, टोंक, दौसा, पाली, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, बांसवाड़ा समेत अन्य 22 जिले

    3 दिन से नहीं निकली धूप
    जालोर और सिरोही में लगातार रिमझिम बारिश हो रही है। पिछले तीन दिनों से सूरज नहीं निकला, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस तरह राजस्थान में मॉनसून की भारी बारिश ने जहां खेतों में हरियाली ला दी है, वहीं जलभराव, पुलिया बहाव और सड़क हादसे जैसी घटनाएं प्रशासन और लोगों के लिए चुनौती बन गई हैं। अगले 48 घंटे राज्य के लिए अत्यधिक सतर्कता के रहेंगे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here