More
    Homeराजस्थानजयपुरजयपुर फेस्टिवल में रील क्रिएटर्स की बल्ले-बल्ले, विनर को मिलेगा थाईलैंड ट्रिप...

    जयपुर फेस्टिवल में रील क्रिएटर्स की बल्ले-बल्ले, विनर को मिलेगा थाईलैंड ट्रिप का सुनहरा मौका

    जयपुर | सोशल मीडिया के दौर में तमाम लोग रील बनाकर पॉपुलर हो रहे हैं और पैसे भी कमा रहे हैं. सोशल मीडिया के ऐसे ही इनफ्लुएंसर और क्रिएटर्स की रचनात्मकता को मंच देने के लिए गुलाबी नगरी जयपुर में रील महोत्सव आयोजित हो रहा है. 15 दिनों के इस महोत्सव में रीलबाजों को जयपुर की विरासत कला और संस्कृति को दिखाने वाले खजाना महल को आधार बनाकर रील तैयार करनी होगी | विजेताओं को थाईलैंड की ट्रिप के साथ ही कई दूसरे इनाम जीतने के भी मौके मिलेंगे. दावा किया जा रहा है कि रील बनाने वालों के लिए देश में यह पहला महोत्सव हो रहा है |

    राजस्थान की विरासत और खजाना महल की खासियत

    राजस्थान का हेरिटेज जहां गौरवमयी इतिहास के साथ विरासत को संजोकर रखने का संदेश देता है, वहीं यहां की कला और संस्कृति इस राज्य को समूची दुनिया में अलग पहचान दिलाती है | राजस्थान की इसी विरासत, कला और संस्कृति की जीती जागती मिसाल राजधानी जयपुर का खजाना महल है. यह जहां राजस्थान के इतिहास के बारे में जानकारी मुहैया कराता है वहीं यहां की परंपराओं और संस्कृति से भी रूबरू कराता है. यहां रोजाना हजारों की संख्या में देश- विदेश से पर्यटक आते हैं |

    राष्ट्रीय स्तर पर होगा रील महोत्सव

    खजाना महल प्रशासन ने 20 दिसंबर से 5 जनवरी तक राष्ट्रीय स्तर के रील महोत्सव के आयोजन का ऐलान किया है. इसमें देश भर के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और शौकिया रील बनाने वाले दूसरे लोगों को आमंत्रित किया गया है. उनके लिए यहां कई कार्यक्रम आयोजित होंगे तो साथ ही एक दूसरे से रूबरू होने का मौका भी मिलेगा. इनफ्लुएंसर्स और क्रिएटर्स को खजाना महल को बेस बनाकर रील भी बनाने का मौका दिया जाएगा |

    प्रतियोगिता की शर्तें और इनाम

    महोत्सव में आयोजित होने वाली रील प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं. जिन क्रिएटर्स के इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कम से कम 10 हजार फॉलोअर्स हैं और जिनकी ऑनलाइन प्रोफाइल सकारात्मक मानी जाती है, वही इस प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे. प्रतिभागियों को खजाना महल की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विरासत से जुड़ी थीम पर ही रील्स बनानी होंगी |

    इन रील्स का मूल्यांकन एक जूरी पैनल द्वारा रचनात्मकता, कंटेंट क्वालिटी और स्टोरी टेलिंग के आधार पर किया जाएगा. इस प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण टॉप विजेता को मिलने वाली 10 दिन की फ्री थाईलैंड ट्रिप है, जिसमें यात्रा, ठहरने और भोजन की पूरी व्यवस्था शामिल होगी | इसके अलावा दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को कैश प्राइज और गिफ्ट हैम्पर भी दिए जाएंगे. खजाना महल की निदेशक लीना श्रीवास्तव का कहना है कि यह प्रतियोगिता सिर्फ मनोरंजन नहीं है, बल्कि क्रिएटिव टैलेंट को एक बड़े मंच पर लाने की कोशिश है, जिससे युवा अपनी कला दुनिया तक पहुंचा सकें |

    सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर भी इस प्रतियोगिता को लेकर ख़ासा उत्साहित हैं. इनका कहना है कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी क्रिएटिविटी नए स्तर पर दिखाने और थाईलैंड ट्रिप जीतने का मौका मिलेगा | खजाना महल की डायरेक्टर लीना श्रीवास्तव के मुताबिक प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन 28 दिसंबर तक खुले रहेंगे, जबकि रील्स सबमिट करने की अंतिम तारीख 5 जनवरी तय की गई है. क्रिएटर्स अपने कैमरा और आइडियाज के साथ तैयारियों में जुट गए हैं |

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here