More
    Homeराज्ययूपीदुल्हन बनने वाली थी श्रेया, उससे पहले मिली उसकी लाश; मां का...

    दुल्हन बनने वाली थी श्रेया, उससे पहले मिली उसकी लाश; मां का रो-रोकर बुरा हाल

    वाराणसी जिले के जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी की छात्रा श्रेया उर्फ मोनू (22) की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। घटना उसके घर से लगभग 20 किलोमीटर दूर बच्छांव पश्चिमपुरा के एक किराये के कमरे में हुई, जहां धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

    रिश्तेदार पर अपहरण और हत्या का आरोप

    परिजनों के अनुसार, श्रेया इकलौती संतान थी और उसकी शादी तय हो चुकी थी। 22 नवंबर को उसकी रिंग सेरेमनी और 26 फरवरी को शादी होनी थी, जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। परिजनों ने प्रेम प्रसंग की बात से इनकार करते हुए आरोप लगाया है कि दूर का रिश्तेदार और नियारडीह चोलापुर निवासी विवेक चौबे उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था। आरोप है कि आरोपी जबरन बातचीत करने का दबाव बनाता था और वीडियो कॉल पर युवती के पिता की हत्या करने की धमकी भी देता था।

    परिवार का यह भी कहना है कि आरोपी की नजर घर की इकलौती लड़की होने के कारण उनकी संपत्ति पर थी। जब श्रेया की शादी मिर्जापुर में तय हो गई, तो इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उसका अपहरण कर लिया और उसकी हत्या कर दी।

    कमरे का ताला खोलने पर हुआ खुलासा

    मृतका के भाई के अनुसार, श्रेया 18 अगस्त को घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। कॉलेज में पता करने पर जानकारी मिली कि वह उस दिन कॉलेज पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने रोहनिया थाने और जक्खिनी पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

    जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन के आधार पर परिजन पुलिस के साथ बच्छाव पश्चिमपुरा पहुंचे, लेकिन उस वक्त स्थानीय पुलिस ने कमरा नहीं खुलवाया। इसके बाद 19 अगस्त की सुबह परिजन आरोपी के ननिहाल भुवालपुर (सीखड़, मिर्जापुर) पहुंचे, जहां पता चला कि विवेक 18 अगस्त की शाम को आया था और अपना बैग व मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर भाग गया था। उसके बैग में कमरे की चाबी मिली। चाबी लेकर जब परिजन बच्छाव स्थित उस किराये के कमरे में पहुंचे और दरवाजा खोला, तो अंदर बाथरूम में श्रेया का खून से लथपथ शव मिला।

    पुलिस की कार्रवाई और हिरासत

    घटना के बाद रोहनिया पुलिस ने मकान मालिक विवेक द्विवेदी और आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डीसीपी गोमती जोन नीतू कात्यायन के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपी की गतिविधियों की गहनता से जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here