मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी का मानना है कि दिखावे से ज्यादा अहमियत अभिनय को दी जानी चाहिए और वही उनकी असली पहचान है। अभिनेता ने साफ कहा कि उन्हें फैशन को लेकर किसी तरह का दबाव महसूस नहीं होता। उनके अनुसार, उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम एक अभिनेता बनने के लिए रखा था और अब जब उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है, तो वही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने यह भी बताया कि उनका पूरा ध्यान अपने अभिनय कौशल को बेहतर बनाने पर रहता है, न कि बाहरी दिखावे पर। सिद्धांत ने फैशन को लेकर अपनी सोच साझा करते हुए कहा कि वह इसे अलग से करने वाली चीज नहीं मानते। फिल्मों में जो किरदार निभाते हैं, उसी के मुताबिक उन्हें कपड़े पहनने का मौका मिलता है और वही उनका स्टाइल बन जाता है। उनका मानना है कि फैशन को लेकर ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है और न ही ‘परफेक्ट’ दिखने के दबाव को खुद पर हावी होने देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि असली स्टाइल कपड़ों से नहीं, बल्कि व्यक्ति की पर्सनैलिटी से झलकता है।
उनके मुताबिक, जो व्यक्ति सहज और आत्मविश्वासी होता है, वही सबसे ज्यादा स्टाइलिश नजर आता है। सिद्धांत का मानना है कि जब इंसान खुद जैसा रहता है, तो उसका आत्मविश्वास ही उसका सबसे बड़ा ‘स्वैग’ बन जाता है। फैशन के ट्रेंड्स को लेकर उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति जरूरत से ज्यादा इसके बारे में सोचने लगता है, तो वह दूसरों की नकल करने लगता है। इससे उसकी अपनी पहचान खो सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फैशन में सबसे जरूरी है खुद को नेचुरल तरीके से पेश करना और अपनी असलियत को बनाए रखना, न कि किसी ट्रेंड के पीछे भागना।
सिद्धांत चतुर्वेदी की यह सोच आज के दौर में खास मायने रखती है, जहां सोशल मीडिया के प्रभाव के कारण लोग अक्सर अपनी असली पहचान से दूर होते जा रहे हैं। उनका यह नजरिया न केवल नए कलाकारों के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सफलता के लिए सबसे जरूरी है अपने हुनर और आत्मविश्वास पर भरोसा रखना। मालूम हो कि आज के डिजिटल दौर में जहां सोशल मीडिया ने हर किसी की जिंदगी को प्रभावित किया है, वहीं फिल्मी सितारों पर ‘परफेक्ट’ दिखने का दबाव भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
दिखावे से ज्यादा अहमियत अभिनय को देना चाहिए : सिद्धांत चतुर्वेदी


