भोपाल। राज्य सरकार एक बार फिर बाजार से 1500 करोड़ रुपये का ऋण जुटाने जा रही है। यह कर्ज एक दिसंबर को भारतीय रिजर्व बैंक के जरिए लिया जाएगा। सरकार के अनुसार, यह रकम केंद्र द्वारा निर्धारित उधारी सीमा के अंतर्गत ही है। इस राशि का इस्तेमाल मुख्य रूप से सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों में किया जाएगा। वित्त वर्ष 2026-27 में राज्य का पूंजीगत व्यय एक लाख करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान लगाया गया है। प्रस्तावित 1500 करोड़ रुपये का यह ऋण तीन चरणों में लिया जाएगा, जिनमें प्रत्येक चरण में 500 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश की कुल उधारी सीमा लगभग 87 हजार करोड़ रुपये तय की है। पहले नौ महीनों के लिए 58 हजार 274 करोड़ रुपये की बाजार उधारी की स्वीकृति दी गई है। नवंबर तक सरकार 51 हजार 900 करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है और अब प्रस्तावित नया ऋण भी इसी स्वीकृत सीमा के दायरे में लिया जाएगा।
कर्ज की किस्तों के नियमित भुगतान का दावा
सरकार का कहना है कि ऋण अदायगी के मामले में मध्य प्रदेश का ट्रैक रिकॉर्ड मजबूत रहा है। बीते वित्तीय वर्ष में 29 हजार 980 करोड़ रुपये का कर्ज लौटाया गया, जबकि चालू वित्त वर्ष में नवंबर के दूसरे सप्ताह तक 15 हजार 573 करोड़ रुपये की अदायगी की जा चुकी है। सरकार के मुताबिक, ऋण की किस्तें चुकाने में कभी भी कोई चूक नहीं हुई है।
दीर्घकालिक परिसंपत्तियों के निर्माण पर व्यय
सरकार का स्पष्ट कहना है कि बाजार से जुटाया जाने वाला यह कर्ज वेतन, पेंशन या लाडली बहना जैसी योजनाओं के संचालन के लिए नहीं, बल्कि दीर्घकालिक परिसंपत्तियों के निर्माण में लगाया जाता है। इसमें सड़क व एक्सप्रेस-वे, सिंचाई योजनाएं, विद्युत व्यवस्था और शहरी बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं। बजट अनुमान 2026-27 के मुताबिक, प्रदेश का कर्ज और सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) अनुपात 32.53 प्रतिशत रहने का अनुमान है। सरकार का मानना है कि ऋण का मूल्यांकन केवल प्रति व्यक्ति कर्ज के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इसके लिए राज्य की आमदनी, आर्थिक वृद्धि, ब्याज चुकाने की क्षमता और कर्ज से बनने वाली संपत्तियों का आकलन भी आवश्यक है।


